उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक वैन और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में शुरुआत में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जिनमें 7 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं जबकि 1 व्यक्ति घायल था।
जिला अधिकारी (DM) अंजनी कुमार सिंह के मुताबिक, अब इलाज के दौरान उस 1 घायल व्यक्ति की भी मौत हो गई है जिससे इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
यह भी पढ़ें: पेपर लीक का खेल? एक ही परिवार के 5 बच्चे टॉपर बन गए, अब होगी जांच
पुलिस के मुताबिक, यह एक्सीडेंट सिसैया-लखीमपुर नेशनल हाईवे पर ऊंचगांव और भरेहटा गांव के बीच में हुआ। यह जगह दोनों गांवों के बीच के हाईवे वाले हिस्से पर पड़ती है जहां दोनों गाड़ियों की आपस में जोरदार भिड़ंत हुई। पीटीआई (PTI) के मुताबिक, वैन लखीमपुर से सिसैया की तरफ जा रही थी। सफर के दौरान, ऊंचगांव और भरेहटा गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक ट्रक और इस वैन में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: 'दुनिया में संकट, फिर भी भारत मजबूत', BJP ऐसा क्यों कह रही है?
पुलिस ने क्या किया?
हादसे की जानकारी मिलते ही धौरहरा के सर्कल ऑफिसर (CO)शमशेर बहादुर सिंह तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां पहुंचकर हालात को संभाला और राहत कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को अपने कब्जे में लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
