तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार शाम कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शाम 5 बजे पहाड़ी की चोटी पर बने दीपथून पत्थर के खंभे पर पारंपरिक दीप जलाने की रस्म पूरी हुई। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के लोग मंदिर परिसर में पहुंचे। दीप जलते ही श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी देखी गई। यहां तक कि कई श्रद्धालु तो भावुक होते भी नजर आए।

 

इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी मद्रास हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन ने की। सुप्रीम कोर्ट ने दोनों को मंदिर प्रशासन का रिसीवर नियुक्त किया था। पहाड़ी और आसपास के इलाके की सुरक्षा CRPF को सौंपी गई थी। सुरक्षा के चलते केवल 50 श्रद्धालुओं को ही पहाड़ी की चोटी पर जाने की अनुमति दी गई।

क्या है दीपम को लेकर पूरा विवाद?

परंपरा के अनुसार कार्तिगई दीपम का दीप पहाड़ी के नीचे उचिपिल्लैयार मंदिर के पास बने दीपम मंडपम में जलाया जाता था। हिंदू संगठनों ने मांग की थी कि इसे पहाड़ी की चोटी पर बने दीपथून स्तंभ पर भी जलाया जाए। यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर दूर है।

इस मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को एक बार पहाड़ी की चोटी पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। लेकिन 24 नवंबर को मुख्य पर्व के दिन प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर वहां दीप नहीं जलने दिया। इसके ऊपर सुप्रीम कोर्ट ने अपनी कड़ी नाराजगी जताई।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कार्रवाई की?

यह भी पढ़ें: कहीं गंगा में जलते हैं दीप तो कहीं पहाड़ों पर, क्या है कार्तिगई दीपम की परंपरा?

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर दिया। साथ ही राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया। कोर्ट ने आज दीप जलाने का निर्देश भी दिया। इसके बाद रिटायर्ड जजों को रिसीवर नियुक्त कर उनकी निगरानी में रस्म पूरी कराई गई। सुप्रीम कोर्ट में पूरे मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर को होगी।