संजय सिंह, पटना: बिहार में नेपाल सीमा से सटे मधुबनी में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ा वार करते हुए करोड़ों की ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती इलाके में सक्रिय मादक पदार्थ गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से दो तस्कर चार पहिया वाहन से प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना मिलते ही तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और देवधा थाना क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

 

रणनीति के तहत मिश्रीलाल चौक पर पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 1 किलो 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के बलडीहा निवासी मो. कमरुल और देवधा थाना क्षेत्र के उसराही निवासी मो. सद्दाम के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: बहन मर गई, बैंक ने नहीं दिए पैसे, लाश खोदकर निकाली और कंधे पर लादकर पहुंचा भाई

कोलकाता से चल रहा था नेटवर्क 

एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह तस्करी नेटवर्क कोलकाता से संचालित हो रहा था। दोनों आरोपी पहले समस्तीपुर से इस अवैध धंधे में जुड़े और धीरे-धीरे अन्य राज्यों के तस्करों के संपर्क में आकर बड़े नेटवर्क का हिस्सा बन गए।


पुलिस के अनुसार, यह गिरोह न केवल ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहा था, बल्कि इससे बड़ी मात्रा में अवैध संपत्ति भी अर्जित की गई है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। साथ ही, आरोपियों की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: सिसोदिया का भी पेशी से इनकार, राजघाट जाने की तैयारी, पुराने रंग में आ रही AAP?

 

जांच एजेंसियां इस बात का भी पता लगाने में लगी हैं कि नेपाल से लाई गई यह खेप कहां सप्लाई की जानी थी और स्थानीय स्तर पर इसके कौन-कौन से संपर्क सक्रिय हैं। एसपी योगेंद्र कुमार ने साफ कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। इस धंधे से जुड़े हर व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।