उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान बरेली के 27 साल के कंप्यूटर साइंस इंजीनियर शिवम यादव की मौत हो गई। शिवम 4800 मीटर की दौड़ में 12वें और आखिरी राउंड में थे। मंजिल से करीब 50 मीटर पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मैदान में गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई।

 

शिवम बरेली के सुभाष नगर इलाके की नई बस्ती वंशी नगला बेनीपुर चौधरी के रहने वाले थे। वह अपने पिता विनोद यादव और मौसेरे भाई हिमांशु यादव के साथ रोजवेड बस से मुरादाबाद पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह नौवीं वाहिनी PSC के मैदान में उनकी दौड़ थी। 4800 मीटर की दौड़ 28 मीनट में पूरी करनी थी। शिवम ने 11 राउंड पुरे कर लिए थे। 12वें राउंड में मंजिल से करीब 50 मीटर पहले वह बेहोश गिर पड़े।

 

यह भी पढ़ें: भोजपुर में घर के अंदर चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, बाप-बेटे समेत 5 गिरफ्तार

सरकारी नौकरी का था सपना

शिवम ने कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया था। उनकी पत्नी कोमल के मुताबिक, शिवम ने बीएड, CTET और UP-TET भी पास किया था। वह कोचिंग सेंटर चलाकर बच्चों को पढ़ाते थे और इससे उनकी अच्छी कमाई हो जाती थी। इसके बावजूद उनका सपना सरकारी नौकरी पाने का था। इससे पहले उन्होंने दरोगा, सिपाही, रेलवे और लेखपाल जैसी भर्तियों की परीक्षाएं भी दी थीं।

 

शिवम पढ़ाई में भी अच्छे थे। उन्होंने 2016 में हाईस्कूल की परीक्षा 90 प्रतिशत और 2018 में इंटरमीडिएट की परीक्षा भी 90 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी। साल 2023 में उनकी शादी कोमल से हुई थी। उनकी करीब डेढ़ साल की बेटी भी है। शिवम की पत्नी कोमल ने बताया कि 17 सितंबर को शिवम ने अपना जन्मदिन मनाया था। इसके बाद वह सरकारी नौकरी की तैयारी के लिए मुरादाबाद चले गए। अगले दिन परिवार को उनकी मौत की खबर मिली।

 

यह भी पढ़ें: पूर्णिया में पिता ने जिंदा बेटी का किया अंतिम संस्कार, पुतला जलाकर कराया पिंडदान

पिता ने भर्ती केंद्र पर लगाए आरोप

शिवम के पिता विनोद यादव ने भर्ती मैदान में इलाज की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बेटे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद वह मैदान के गेट पर पहुंचे लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब तक वह बेटे के पास पहुंचे शिवम जमीन पर गिर चुके थे। पिता ने भर्ती केंद्र पर इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया।

 

बेटे की मौत के बाद शिवम के पिता की भी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। परिवार में शिवम चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। शिवम की दौड़ के दौरान तबीयत बिगड़ने से पहले भी भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों के बेहोश होने की घटनाएं सामने आई थीं। शुक्रवार को तीन अभ्यर्थी बेहोश हुए थे।

 

शिवम को मेडिकल टीम ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। होमगार्ड भर्ती के लिए 41,424 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। शिवम की मौत के मामले की रिपोर्ट यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।