तमिलनाडु के कोयंबटूर में अरुलमिगु कोनियाम्मन मंदिर में चढ़ावा के पैसे कथित तौर पर चोरी हो गए हैं। राम मंदिर अयोध्या और बद्रीनाथ धाम में हो रहे ऐसे ही आरोपों के बाद अब यह नया मामला सामने आया है। मंदिर प्रशासन और पुलिस की जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं।

15 जुलाई को मंदिर में चढ़ावा गिनती का काम चल रहा था। जैसे ही मामले की खबर अधिकारियों को हुई, हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधिकारी मौके पर पहुचे। जांच में चार कर्मचारियों पर सीधे चोरी का आरोप लगा है। 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदा चोरी कांड: अनिल मिश्रा के इशारे पर सबसे ज्यादा भर्तियां, फंस गए?

चोरी का राज खुला कैसे?

अरुलमिगु कोनियाम्मन मंदिर में चढ़ावा गिन रहे कुछ लोगों ने दान पत्र को मुख्य जगह से अलग रख दिया। इसके बाद उसे मंदिर के पीछे ट्रॉली में ले जाया गया। वहीं से करीब 31,000 रुपये निकाल लिए और आपस में बांट लिए।  टिकट कलेक्टर ए बालासुब्रमण्यम, ऑफिस असिस्टेंट वी सरवनन, सफाई कर्मचारी पी प्रदीप कुमार और मंदिर के पुजारी एस कृष्णराज शामिल हैं। 

4 गिरफ्तार, 8 कर्मचारी निलंबित

उक्कड़म पुलिस ने 25 जुलाई को इन चारों को गिरफ्तार कर लिया। इनके अलावा चार अन्य निगरानी अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप है। आरोप हैं कि उन्होंने निगरानी ही नहीं की। हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के कमिश्नर रमेश कुमार ने रविवार को इन 8 अधिकारियों और कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस और विभाग दोनों स्तर पर कार्रवाई जारी है। मंदिर प्रशासन ने भक्तों से अपील की है कि वे चढ़ावा जमा करते समय सतर्क रहें और किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत दें। 

यह भी पढ़ें: 'मेरी गलती नहीं', बद्रीनाथ चोरी मामले में गिरफ्तारी के बाद बोला प्रमोद नौटियाल

अब तक किन मंदिरों में चोरी की खबर आई?

  • अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे के पैसे चोरी के मामले में SIT जांच चल रही है। 8 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। 
  • बद्रीनाथ धाम में भी 2 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है और पिछले तीन साल के रजिस्टर को खंगाला जा रहा है।

अरुलमिगु कोनियम्मन मंदिर की खासियत क्या है?

अरुलमिगु कोनियम्मन मंदिर, तमिलनाडु के कोयंबटूर में है। यह भगवान शिव का प्राचीन मंदिर है। मंदिर में देवी कोनियम्मन की पूजा होती है। देवी कोनियम्मन, देवी पार्वती को कहा जाता है। यहां हर दिन सैकड़ों लोग पूजा के लिए आते हैं।