बिहार के मधेपुरा जिले में एक किसान की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस हत्या को लोग आपसी दुश्मनी या बाहरी साजिश मान रहे थे, उसी मामले में मृतक की पत्नी पर ही हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस का दावा है कि पति की शराब पीने और मारपीट करने की आदत से परेशान होकर पत्नी ने कथित तौर पर सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी। जिसके लिए पत्नी ने 75 हजार रुपये की सुपारी भी दी थी।
बिहारीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर डेहरू गांव निवासी किसान कामेश्वर मेहता की 24 मई की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पत्नी गीता देवी के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यह भी पढ़ें: 11 महीने के बेटे के जन्मदिन से पहले मां ने की खुदकुशी, SI पति की चैट बनी वजह
जांच में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह के निर्देश पर SDPO अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सुराग मिले, जिन्होंने पूरे मामले की दिशा बदल दी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गीता देवी ने बताया कि वह पति की शराबखोरी और आए दिन होने वाली मारपीट से परेशान थी। इसी वजह से उसने कथित तौर पर राजदेव कुमार को 75 हजार रुपये देकर हत्या की योजना बनाई।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक
पुलिस ने शक के आधार पर राजदेव कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की और अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए। इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी कर कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में गीता देवी (मृतक की पत्नी), राजदेव कुमार (फुलौत वार्ड-1), रौशन कुमार (फुलौत वार्ड-2) और प्रशांत कुमार (झंडापुर, बिहपुर, भागलपुर) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: टीचर ने 13 साल की बच्ची से किया रेप, घरवालों ने आपत्तिजनक हालत में देखा
हथियार और बाइक भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं, एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ की मदद से महज छह दिनों में पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश किया जा रहा है। यह मामला सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि घरेलू तनाव, शराब की लत और पारिवारिक हिंसा के गंभीर परिणामों को भी सामने लाता है। फिलहाल मधेपुरा का यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
