दुर्गा पूजा, दीवाली और छठ महापर्व के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत का इंतजाम किया है। त्योहारों के समय ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली और सुपौल जंक्शन के बीच रोजाना आरक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन से दिल्ली-NCR के साथ उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, ट्रेन संख्या 04072/04071 नई दिल्ली-सुपौल जंक्शन-नई दिल्ली आरक्षित स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 59 फेरे लगाएगी। ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच होंगे। इससे त्योहार के दौरान घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें: हाइवे पर गंदा टॉयलेट दिखे तो फोटो भेजें, FASTag में मिलेंगे 1 हजार रुपये
1 अक्टूबर से शुरू होगा संचालन
ट्रेन संख्या 04072 नई दिल्ली से 1 अक्तूबर से 28 नवंबर 2026 तक रोजाना चलेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04071 सुपौल जंक्शन से 3 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन संचालित होगी। नई दिल्ली से ट्रेन रात 9:35 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 6:35 बजे सुपौल जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में सुपौल जंक्शन से ट्रेन सुबह 7:45 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
22 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
दिल्ली-सुपौल स्पेशल ट्रेन गाजियाबाद, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला जंक्शन, इटावा जंक्शन, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, पीआरआरबी के रास्ते ज्ञानपुर रोड, वाराणसी जंक्शन, औड़िहार जंक्शन, गाजीपुर सिटी, बलिया, सुरेमनपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर जंक्शन, शाहपुर पटोरी, बरौनी जंक्शन, बेगूसराय, खगड़िया जंक्शन, मानसी जंक्शन और सिमरी बख्तियारपुर होते हुए चलेगी। ट्रेन का ठहराव सहरसा में भी होगा।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करने की अपील की है। यात्री रेलवे की ऑनलाइन ट्रेन इंक्वायरी सेवा से भी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
