दुनियाभर में मशहूर ताजमहल को देखने के लिए भारत के आगरा में दुनियाभर से लोग पहुंचते हैं। यहां विदेशी पर्यटकों की भीड़ भारी मात्रा में रहती है। इन दिनों आगरा में एक रूसी महिला पर्यटक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला रात के समय सड़क पर पैदल चलती नजर आती है। इसी दौरान एक टैक्सी ड्राइवर उससे बार-बार पूछता है कि वह कहां जाएंगी। महिला इस बातचीत को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ जाती है, लेकिन बाद में होटल पहुंचकर उसने अपना अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया। उनका यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। 

 

महिला ने वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि उसने आगरा की सड़कों पर पैदल चलने का फैसला किया था, लेकिन पर्यटकों को ऐसा नहीं करना चाहिए। इस बयान के बाद वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ लोगों ने इसे महिला सुरक्षा और विदेशी पर्यटकों की असहजता से जोड़ा, तो कुछ ने कहा कि वीडियो में टैक्सी ड्राइवर केवल सवारी पूछता दिख रहा है।

 

यह भी पढ़ें: गुजरात में IB, AAP और अरविंद केजरीवाल का पंगा क्या है? इनसाइड स्टोरी

आगरा पुलिस ने की जांच

मामला वायरल होने के बाद आगरा पुलिस ने वीडियो की जांच की। एसीपी सुकन्या शर्मा ने साफ किया कि वीडियो में कहीं भी छेड़छाड़, अभद्रता या आपत्तिजनक व्यवहार जैसी स्थिति नहीं दिखती। पुलिस के अनुसार, टैक्सी ड्राइवर ने महिला से सिर्फ यह पूछा कि वह कहां जाना चाहती हैं। महिला ने खुद को असहज महसूस किया, लेकिन सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो में कोई आपराधिक हरकत नजर नहीं आई।

 

पुलिस ने यह भी माना कि सोशल मीडिया पर वीडियो को जिस तरह से पेश किया गया, उससे भ्रम की स्थिति बनी। विदेशी महिला पर्यटक होने के कारण मामला तेजी से फैल गया और कई लोगों ने बिना पूरी बात जाने इसे सुरक्षा से जोड़ दिया। पुलिस का साफ कहना है कि ड्राइवर महिला को परेशान नहीं कर रहा था बल्कि सवारी के लिए पूछ रहा था। पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

आगरा में सामान्य चीज

आगरा जैसे बड़े टूरिस्ट शहरों में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही आम है। ऐसे में स्थानीय टैक्सी और ऑटो चालक अक्सर पर्यटकों से सवारी के लिए पूछते हैं। कई बार यही सामान्य बातचीत बाहरी पर्यटक के लिए असहज अनुभव बन जाती है, खासकर रात के समय या अनजान इलाके में। विदेशी पर्यटकों के लिए स्थानीय कैब और टैक्सी ड्राइवरों के साथ तालमेल बैठाना भी मुश्किल होता है और यही कारण है कि इस मामले में महिला को असहज महसूस हुआ।

 

यह भी पढ़ें: 36.47% स्कूलों में इंटरनेट नहीं, 35% में डेस्कटॉप, डिजिटल रेस में कहां खड़े हम?

सोशल मीडिया पर वायरल

इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में महिला सड़क पर अकेले घूम रही है और एक टैक्सी ड्राइवर उनसे पूछ रहा है कि मैडम आप कहां जाएंगी? आगरा या किसी अन्य भारतीय शहर में टैक्सी ड्राइवरों का सवारी के लिए इस तरह पूछना आम बात है लेकिन रूसी महिला को यह काफी असहज लगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया तो लोग टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ बोलने लगे, लेकिन अब पुलिस ने इस मामले की जांच कर साफ कर दिया है कि यह कोई अपराध नहीं है।