उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बीजेपी (BJP) की कुछ महिला नेताओं ने बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष पर संगीन आरोप लगाए हैं। महिला नेता ने कहा है कि जिला उपाध्यक्ष ने पहले उन्हें अश्लील मैसेज भेजे, उसके बाद अभद्र बातें भी कीं। मैसेज को लेकर महिला ने पुलिस थाने में शिकायत दी है। महिला ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि ऐसे शख्स पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। साथ ही महिला ने बीजेपी पार्टी को भी सलाह दी है कि ऐसे नेताओं को उनके पद से हटा देना चाहिए।

 

यह मामला मोदीनगर के कोतवाली क्षेत्र का है, जहां बीजेपी महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष गीता कौशिक ने आरोप लगाया कि जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल ने उन्हें अश्लील मैसेज भेजे थे। इस मामले की वजह से बीजेपी पार्टी में खलबली मच गई है। पिछले बुधवार को महिला ने पुलिस थाने में शिकायत की थी। पुलिस अधिकारी इन आरोपों की जांच कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'बुर्का पहना करो, अच्छी लगोगी', वकील ने इंटर्न पर लगाए बदतमीजी के आरोप

 

गीता कौशिक के आरोप क्या हैं?

 

गीता कौशिक का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने खुद पूरे मामले की जानकारी दी है। वीडियो में गीता कौशिक ने कहा, 'मैं अपने लिए एक रिपोर्ट दर्ज कराने आई हूं। मेरे साथ जिला उपाध्यक्ष ने मैसेज पर अश्लील बातें कही हैं। वह मैसेज ऐसे हैं कि मैं आप सबको नहीं बता सकती। मैंने पुलिस अधिकारियों को सब बता दिया है।'

इसके बाद गीता कौशिक ने कहा, 'मैं चाहती हूं कि नितिन मित्तल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। हमारी बीजेपी पार्टी में बहन-बेटियों का सम्मान किया जाता है। नारी सम्मान के लिए हमारे मोदी जी भी लड़ रहे हैं, हम बहनें भी लड़ रही हैं। नारी सम्मान को लेकर हमने कई कार्यक्रम भी किए हैं। इसी वजह से मैं चाहती हूं कि हमारे नारी सम्मान पर आंच न आए। जो भी पार्टी में अभद्र आदमी आए हैं, वह हमारे सम्मान को ठेस न पहुंचाएं।'

 

यह भी पढ़ें: एक दुल्हन और 9 दूल्हे, सबको लगाया चूना, अब तक नहीं पकड़ पाई पुलिस

 

मामले को लेकर जिलाध्यक्ष ने क्या कहा?

इस मामले पर जहां बीजेपी के जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने बताया कि उन्हें इस मामले के बारे में फेसबुक से पता चला था। आगे दोनों नेताओं से बात करने के बाद ही समझ आएगा कि आखिर क्या हुआ था। वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी भास्कर वर्मा ने बताया कि जांच-पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।