उत्तर प्रदेश के लखनऊ में छपरा से गोरखपुर होकर आई गोमतीनगर एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में उस समय हड़कंप मच गया जब सीट के नीचे से एक महिला की बिना सिर वाली लाश और बक्सा टैंक में कटे हुए हाथ-पैर बरामद हुए। यह खौफनाक वारदात तब सामने आई जब ट्रेन के खाली होने के बाद एक सफाई कर्मचारी डिब्बे के अंदर सफाई करने गया।
यह मामला तब शुरू हुआ जब छपरा से चलकर गोमतीनगर एक्सप्रेस लखनऊ पहुंची। जब ट्रेन पूरी तरह खाली हो गई तो एक सफाई कर्मचारी रूटीन चेकिंग और सफाई करने के लिए कोच नंबर 217570 एनईआर एस1 यानी स्लीपर कोच के अंदर गया। सफाई करते समय उसकी नजर एक सीट के नीचे लावारिस हालत में रखे एक बॉक्स और एक बैग पर पड़ी। उसे कुछ गड़बड़ लगा इसलिए उसने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी।
यह भी पढ़ें: पेपर लीक का खेल? एक ही परिवार के 5 बच्चे टॉपर बन गए, अब होगी जांच
रेलवे पुलिस की एंट्री
सफाई कर्मचारी और स्टेशन मास्टर से खबर मिलते ही गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस ने सीट के नीचे रखे उस बॉक्स को खोला तो सबके होश उड़ गए। बॉक्स के अंदर महिला का धड़ रखा हुआ था। इसके बाद जब पास में मिले दूसरे बैग को खोला गया, तो उसमें महिला के हाथ और पैर मिले जिन्हें प्लास्टिक की थैली में लपेटकर ठूंसा गया था। इस घटना के बाद पूरे रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस का बयान
लखनऊ रेलवे के एसपी रोहित मिश्रा ने इस मामले की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इस लावारिस बैग और बॉक्स की जानकारी रविवार 17 मई को मिली थी। पुलिस का अनुमान है कि मृत महिला की उम्र लगभग 25 से 30 साल या 35 साल के बीच रही होगी। एसपी रोहित मिश्रा ने बताया कि महिला का सिर अभी तक नहीं मिल पाया है जिसकी वजह से अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मौत के सही कारणों की जांच के लिए सभी कानूनी प्रक्रियाओं के तहत जांच रिपोर्ट तैयार किया और शव के अंगों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: 'दुनिया में संकट, फिर भी भारत मजबूत', BJP ऐसा क्यों कह रही है?
पुलिस की जांच
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले को सुलझाने और कातिल का पता लगाने के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन किया है जो सुराग तलाशने के लिए कई स्तर पर काम कर रही हैं। इसके तहत जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारी ट्रेन के रास्ते में पड़ने वाले सभी स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।
ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के आने-जाने और उनके टिकट बुकिंग की डिटेल्स चेक कर रहे हैं और साथ ही आस-पास के सभी जिलों और दूसरे राज्यों से मिली गुमशुदा लोगों की रिपोर्ट को मिला रहे हैं ताकि पता चल सके कि इस उम्र की कोई महिला गायब तो नहीं थी। पुलिस हर एंगल से जांच करके जल्द से जल्द कातिल को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।
