गोवा के बागा बीच पर बुधवार को कर्नाटक के बीजापुर निवासी 34 वर्षीय अशफाक मशाली की समुद्र की लहरों में बहकर मौत हो गई। अशफाक अपनी महिला दोस्त के साथ गोवा घूमने आया था। समुद्र के किनारे जाने से पहले उसने शराब पी रखी थी। वहां चट्टानों पर बैठने की मनाही थी और चेतावनी बोर्ड भी लगे थे लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी और चट्टानों पर जाकर बैठ गया। इस दौरान समुद्र की एक तेज लहर आई और उसे बहाकर गहरे पानी में ले गई। तलाशी के बाद बचाव दल ने शव बरामद कर लिया।

 

अशफाक मशाली सांगली निवासी अपनी महिला दोस्त के साथ बागा बीच पहुंचा था। समुद्र तट पर जाने से पहले उसने शराब पी रखी थी। मौसम खराब होने और समुद्र में हलचल होने के बावजूद, अशफाक ने चट्टानों पर बैठने का फैसला लिया जबकि वहां का वातावरण खतरनाक था और वहां बैठने पर रोक थी।

 

यह भी पढ़ें: फ्लाईओवर पर रेड कार्पेट बिछाकर मनाया बीवी का बर्थडे, पति समेत 14 गिरफ्तार

दोस्त ने दी चेतावनी

घटना के समय अशफाक की महिला मित्र सुरक्षित स्थान पर थी। उसने अशफाक को लहरों के करीब बैठने से बार-बार मना किया था। महिला ने अशफाक को वहां जाने से रोका लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और चट्टानों पर जाकर बैठ गया। महिला ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, जिसमें दिख रहा है कि वह पानी के साथ खेल रहा था और कुछ ही सेकंड बाद एक बड़ी लहर उसे बहाकर ले गई।

 

लहरों में बहने के बाद अशफाक कुछ देर तक पानी में दिखा लेकिन तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। महिला मित्र और वहां मौजूद लोगों के शोर मचाने पर बचाव कार्य शुरू हुआ। पुलिस कांस्टेबल ने पुष्टि की है कि मना करने के बाद भी अशफाक ने सुरक्षा निर्देशों का उल्लंघन किया। काफी मशक्कत के बाद उसका शव बागा तट से मिला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 

यह भी पढ़ें: बस्ती में बनी पानी की टंकी भरते ही फटी गई, जल जीवन मिशन के निर्माण पर उठे सवाल

सुरक्षा के नियम

गोवा में मानसून के चलते समुद्र की स्थिति खतरनाक है। 'दृष्टि मरीन' एजेंसी ने पर्यटकों के लिए पहले ही चेतावनी जारी की थी। बारिश के चलते चट्टानें फिसलन भरी हैं और वहां लगे साइनबोर्ड बड़ी लहरों के खतरे के प्रति सचेत करते हैं। खराब मौसम के कारण प्रशासन ने मानसून में समुद्र में उतरने, वॉटर स्पोर्ट्स और मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। तटों पर लगे लाल झंडे पानी में उतरने के खतरे को बताते हैं और पर्यटकों को इन जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है।