मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से केरल के कोच्चि आ रही बाटिक एयर की एक फ्लाइट में बुधवार रात को अचानक अफरा-तफरी मच गई। उड़ान के दौरान रात लगभग 9.30 बजे से 11.05 बजे के बीच एक शख्स इमरजेंसी एग्जिट का दरवाजा जबरदस्ती खोलने की कोशिश करने लगा। इससे यात्रियों और क्रू के बीच हड़कंप मच गया।
केबिन क्रू और साथ सफर कर रहे यात्रियों ने शख्स पर काबू करने की कोशिश भी की लेकिन उसने उन्हें धक्का दे दिया और धमकियां देने लगा। इस घटना से सभी हैरान हैं। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
FIR और पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात को कुआलालंपुर से कोच्चि जा रही बाटिक एयर की फ्लाइट OD231 (बोइंग 737) में हुई है। उड़ान के दौरान फ्लाइट में सीट 12A पर बैठे जमशीर ने रात में कथित तौर पर अजीब हरकतें शुरू कर दीं, उसने जोर से लात मारकर इमरजेंसी एग्जिट विंडो का पैनल तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में एक की मौत, भीड़ ने पटना में किया हंगामा, फूंक दीं कई गाड़ियां
इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश
शख्स ने इमरजेंसी एग्जिट विंडो का पैनल तोड़ दिया और इमरजेंसी एग्जिट दरवाजा खोलने की कोशिश की, जबकि उसे पता था कि उसकी इन हरकतों से फ्लाइट और उसमें सवार सभी लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। बताया जा रहा है कि केबिन क्रू और साथ यात्रा कर रहे यात्री जब उसे काबू करने के लिए दौड़े तो उसने उनके साथ धक्का- मुक्की की और धमकियां देने लगा। इसकी वजह से विमान के अंदर अचानक अफरा तफरी मच गई। आखिरकार उसे काबू कर लिया गया।
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने के तुरंत बाद CISF के जवानों ने आरोपी शख्स को हिरासत में ले लिया है। बाद में उसे नेडुम्बसेरी पुलिस को सौंप दिया गया, जिसने उसे गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी जमशीरअथानिक्कल (उम्र 36 वर्ष) पालक्काड़ का रहने वाला है और अभी श्रीमूलनगरम में रहता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो शोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए एक शख्स ने लिखा, 'कुआलालंपुर-कोच्चि फ्लाइट में एक यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट की खिड़की तोड़ी और दरवाजा खोलने की कोशिश की।
शख्स के खिलाफ इन धाराओं में FIR दर्ज
पुलिस ने शख्स के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 11A और केरल पुलिस एक्ट की धारा 118(e) के तहत केस दर्ज किया है। इन धाराओं में आपराधिक धमकी देने, विमान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप शामिल हैं।
FIR के मुताबिक, अथानिक्कल को पता था कि उसके इस कदम से विमान को खतरा हो सकता है और यात्रियों व क्रू की जान जोखिम में पड़ सकती है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की बात सामने नहीं आई। घटना के बाद बाटिक एयर ने विमान की जरूरी जांच और मरम्मत कराई। जांच पूरी होने के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।
