सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर हैं। उन्हें बार-बार पाला बदलने और मुंहफट बयानबाजी के लिए भी जाना जाता है। इन दिनों अखिलेश यादव पर हमलावर चल रहे ओम प्रकाश राजभर का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह नेताओं को दोमुंहा सांप बता रहे हैं। उन्होंने खुद को भी ऐसा ही कह दिया और कहा कि ज्यादा समय नहीं लगता है, बस जिधर जाइए, उधर का बजाइए। रोचक बात है कि ओम प्रकाश राजभर 2022 के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के गठबंधन में शामिल हो गए थे लेकिन चुनाव के बाद फिर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ आ गए और यूपी सरकार में मंत्री बन गए।

 

उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर इन दिनों लगभग हर दिन अखिलेश यादव के खिलाफ ट्वीट कर रहे हैं। यही ओम प्रकाश राजभर 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी, योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमलावर थे और कई बार विवादित बयान भी दे बैठे थे। हालांकि, चुनाव के बाद जब समाजवादी पार्टी सत्ता से दूर रह गई तो कुछ दिन बाद ही ओम प्रकाश राजभर फिर से बीजेपी के करीब आ गए और प्रदेश सरकार में मंत्री भी बन गए।

 

यह भी पढ़ें: संजय कपूर पर पोस्ट करना पड़ा भारी, इन्फ्लुएंसर 'द स्किन डॉक्टर' गिरफ्तार


क्या बोले ओम प्रकाश राजभर?

बार-बार पाला बदलने और जिसके साथ जाएं, उसके हिसाब से बात करने के बारे में सवाल पूछे जाने पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि नेता दोमुंहा सांप होते हैं। ओपी राजभर ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, 'ये बताओ कि जिस बैंड पार्टी में रहोगे, तो मालिक जो पिस्टिन फूंकेगा, वही धुन बजाओगे कि दूसरा गाना गाओगे?' उन्होंने ये बातें भोजपुरी में कहीं और इतना कहकर वह खुद भी जोर-जोर से हंसने लगे।

 

यह भी पढ़ें: कार की डिग्गी खोलकर बिठाए थे बच्चे, 100 की स्पीड में दौड़ाई कार

 

ओम प्रकाश राजभर ने आगे कहा, 'समय नहीं लगता है। जिधर जाइए, उधर बाजा बजाना शुरू कर दीजिए। हम पहले भी कहते थे और आज भी कह रहे हैं कि नेता दोमुंहा सांप होते हैं। चाह हम हों, चाहे कोई और हो। बदलते देर नहीं लगती है। मैंने यही सीखा है।' उनका यह इंटरव्यू एक महीने पुराना है लेकिन अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने प्रत्याशियों से कहते हैं कि अगर जीतकर बदल गए तो वह दौड़ाकर गोली मारेंगे।