सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर पूरव झा का एक वीडियो इन दिनों जोरदार तरीके से वायरल हो रहा है। पूरव झा ने गणतंत्र दिवस से दो दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। इस वीडियो में पूरव झा ने मौजूदा दौर में देश में हो रहे भ्रष्टाचार, हालात और मीडिया की भूमिका पर व्यंग्य किया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग दो गुटों में बंट गए हैं। एक तरफ पूरव झा को ट्रोल किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ बड़ी संख्या में लोग उनके वीडियो की तारीफ भी कर रहे हैं।

 

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने पूरव झा की वीडियो को शेयर करते हुए कहा कि इसे जरूर देखना चाहिए और यह भी कहा कि देश का युवा क्या कहना चाहता है, यह इस वीडियो में साफ दिखता है। वहीं यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी पूरव झा के समर्थन में वीडियो देखने की अपील की है। सरकार पर तंज कसने के लिए पूरव झा ने अपनी वीडियो में फिल्म ‘3 इडियट्स’ के एक मशहूर सीन को रीक्रिएट किया है। इस वीडियो में देश में फैले भ्रष्टाचार और बिगड़ते हालात को दिखाया गया है। साथ ही, फिल्म के मशहूर गाने ‘ऑल इज़ वेल’ को बदलकर ‘ऑल इज हेल’ बनाया गया है। यह वीडियो महज दो दिनों में ही करीब 8.3 मिलियन व्यूज को पार कर चुका है।

 

यह भी पढ़ें-रील बनाने गए थे, बर्फबारी में फंसे और जान चली गई, 4 दिन रखवाली करता रहा कुत्ता

 

क्या है वीडियो में खास?

पूरव झा ने दो दिन पहले अपने यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो पोस्ट की थी। इसमें आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ के चतुर की स्पीच सीन को रीक्रिएट किया गया है। इस स्पीच के जरिए आज के राजनीतिक हालात पर व्यंग्य किया गया है। वहीं ‘ऑल इज़ हेल’ गाने के ज़रिए यह दिखाने की कोशिश की गई है कि देश में खाने, पानी और हवा तक में मिलावट है। वीडियो में एक किरदार ऐसा भी दिखाया गया है, जो गर्व से कहता है कि देश में सब कुछ ठीक है यानी 'ऑल इज वेल' जबकि पीछे चल रहा गाना 'ऑल इज हेल' देश की असल स्थिति बयान करता है।

 

पूरव झा की ट्रोलिंग

कई लोगों को देश की स्थिति पर किया गया पूरव झा का व्यंग्य पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा। कुछ लोगों ने पूरव झा को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने की कोशिश की क्योंकि कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने उनकी वीडियो का समर्थन किया था। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स का कहना है कि पूरव झा अब मौजूदा सरकार के लिए नए ध्रुव राठी बनते जा रहे हैं। ट्रोलर्स ने पूरव झा की कमियां निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनके पुराने वीडियो खंगाले गए और छोटी-छोटी गलतियों को लेकर उन्हें निशाना बनाया गया।

 

यह भी पढ़ें-VIP दर्शन के लिए महिला सेवायतों को हटाया? बांके बिहारी धाम में नया बवाल

 

पुराने वीडियो को लेकर विवाद

 

कुछ ट्रोलर्स ने पूरव झा के पुराने वीडियो को लेकर भी विवाद खड़ा कर दिया। दरअसल, पहलगाम हमले के बाद पूरव झा ने ध्रुव राठी की मिमिक्री करते हुए एक हल्के-फुल्के अंदाज में वीडियो डाली थी। उस वीडियो के बैकग्राउंड में भारत का नक्शा दिखाया गया था, जिसमें कश्मीर और अक्साई चीन शामिल नहीं थे। इसी बात को लेकर लोगों ने पूरव झा को जमकर ट्रोल किया।

 

 

अब उसी मुद्दे को उठाते हुए कुछ लोग कह रहे हैं कि जो व्यक्ति इस तरह की गंभीर गलती करता है, उसे देश के मुद्दों पर बोलने का कोई हक नहीं है। हालांकि, पूरव झा ने उस समय नक्शे की गलती को स्वीकार करते हुए बताया था कि यह एडिटर की गलती थी और वीडियो को कुछ ही घंटों में हटा दिया गया था। ऐसे में इस मुद्दे पर दोबारा ट्रोलिंग को कई लोग गलत भी बता रहे हैं।

 

वीडियो की तारीफ

 

पूरव झा की इस वीडियो की कई फैंस और चर्चित हस्तियों ने सराहना की है। ध्रुव राठी और सुप्रिया श्रीनेत जैसे लोगों के समर्थन के बाद यह वीडियो और चर्चा में आ गया। लोगों का कहना है कि देश की गंभीर समस्याओं को जिस व्यंग्यात्मक और रचनात्मक तरीके से दिखाया गया है, वह काबिले-तारीफ है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग पूरव झा के वीडियो के क्लिप्स काटकर लगातार शेयर कर रहे हैं।

 

कौन हैं पूरव झा?

पूरव झा एक उभरते हुए अभिनेता और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं। वह वेब सीरीज़ ‘कॉलेज डायरीज़’ में काम कर चुके हैं। इंस्टाग्राम पर पूरव झा के करीब 7.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं एक्स पर उनके 20 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। यूट्यूब चैनल पर उनके 5 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं। पूरव झा फिलहाल दिल्ली में रहते हैं और उनकी उम्र 24 साल है। वह अक्सर अपने वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में बने रहते हैं।