आपकी जेब में रखा स्मार्टफोन शायद भारत में ही बना हो। पिछले कुछ सालों में देश के भीतर इलेक्ट्रॉनिक्स और दूसरे सामान बनाने वाली फैक्ट्रियों का जाल तेजी से फैला है लेकिन किसी सामान को भारत में तैयार करना और उस सामान की तकनीक का मालिक होना, ये दो बिल्कुल अलग बातें हैं। एक फोन भारत में असेंबल हो सकता है और उसके कुछ पुर्जे भी यहीं बन सकते हैं, मगर उसका प्रोसेसर, ऑपरेटिंग सिस्टम, चिप डिजाइन और जरूरी पेटेंट किसी विदेशी कंपनी के पास हो सकते हैं।

 

यही वजह है कि अब बहस सिर्फ इस बात पर नहीं होनी चाहिए कि भारत कितना सामान बना रहा है। बड़ा सवाल यह है कि इस उत्पादन से होने वाले मुनाफे में हमारा हिस्सा कितना है, भारतीय कंपनियां अपनी तकनीक बनाने पर कितना पैसा लगा रही हैं और विदेशी तकनीक इस्तेमाल करने के बदले हमें हर साल कितनी भारी रकम रॉयल्टी या लाइसेंस फीस के रूप में बाहर भेजनी पड़ रही है।

 

यह भी पढ़ें: शेयर मार्केट में उछाल, सेंसेक्स 1300 अंक चढ़ा; सोना चांदी का भाव जानिए

क्या है फैक्ट्रियों की हकीकत?

हाल ही में सामने आए सरकारी आंकड़े इस तस्वीर को साफ करते हैं। एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज (ASI) 2024-25 के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि देश की करीब 2.19 लाख चालू फैक्ट्रियों में से सिर्फ 1.9 % के पास ही अपनी अलग रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) यूनिट है। इतना ही नहीं, देश के कुल फैक्ट्री कर्मचारियों में महज 0.3 % लोग ही रिसर्च और नई तकनीक विकसित करने के काम से जुड़े हैं।

 

इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के मामले में यह अंतर और साफ दिखता है। सरकार इस सेक्टर को बढ़ाने के लिए कई प्रोत्साहन दे रही है लेकिन देश के कुल फैक्ट्री R&D कर्मचारियों में इलेक्ट्रॉनिक्स की हिस्सेदारी सिर्फ 3.9 % है, जबकि फार्मा यानी दवा उद्योग का हिस्सा 35.6 % है। हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि 3.9 % का मतलब यह नहीं है कि इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के सिर्फ इतने ही लोग रिसर्च करते हैं, बल्कि देश के कुल फैक्ट्री रिसर्च स्टाफ में इस सेक्टर का हिस्सा इतना है। फिर भी, यह आंकड़ा बताता है कि फैक्ट्रियों के भीतर नई तकनीक गढ़ने का काम अभी काफी पीछे है।

PLI से रिकॉर्ड उत्पादन लेकिन वैल्यू एडिशन की चुनौती

सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजनाओं ने देश में निवेश और उत्पादन को जबरदस्त रफ्तार दी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक 14 पीएलआई योजनाओं के तहत 2.40 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का वास्तविक निवेश हुआ, 14.15 लाख से अधिक रोजगार बने और 15.2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निर्यात हुआ। अकेले इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन 2014-15 के करीब 1.9 लाख करोड़ रुपये से उछलकर 2025-26 में 13.11 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जबकि निर्यात 38,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 4.24 लाख करोड़ रुपये हो गया।


लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू भी है। इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्रालय (MeitY) के अप्रैल 2026 के अनुमान के अनुसार, भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण में घरेलू 'वैल्यू एडिशन' अभी 18 से 20 % के आसपास है। यानी किसी उत्पाद की कुल कीमत का बड़ा हिस्सा अब भी बाहर से आने वाले महंगे कंपोनेंट्स, कच्चे माल और तकनीक से जुड़ा है। PLI योजना का मुख्य मकसद फैक्ट्रियां लगाना और रोजगार बढ़ाना था, न कि पेटेंट या चिप डिजाइन तैयार करना। इसी कमी को पूरा करने के लिए सरकार ने 'डिजाइन लिंक्ड इंसेंटिव' (DLI) योजना शुरू की है, ताकि भारतीय कंपनियां और स्टार्टअप देश में ही चिप और उनका डिजाइन तैयार कर सकें।

 

यह भी पढ़ें: सोने की कीमत 32% गिरी, फिर भी 2 साल पहले से दोगुनी महंगा; समझिए पूरा गणित

R&D, पेटेंट और विदेशी रॉयल्टी का हिसाब

अगर पूरे देश के स्तर पर देखें तो विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के आंकड़ों के अनुसार 2023-24 में भारत का कुल R&D खर्च करीब 2.45 लाख करोड़ रुपये रहा, जो हमारी GDP का सिर्फ 0.84 % है। अच्छी बात यह है कि इस खर्च में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 51.8 % हो गई है, जबकि सरकारी हिस्सा 48.2 % है। मगर जीडीपी के मुकाबले 1 % से कम खर्च यह बताता है कि हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है।

 

दूसरी तरफ, भारत में बौद्धिक संपदा यानी पेटेंट को लेकर जागरूकता बढ़ी है। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय नागरिकों द्वारा दाखिल किए जाने वाले पेटेंट आवेदन पांच साल में करीब 180 % बढ़कर 2024-25 में 68,176 तक पहुंच गए हैं। लेकिन भारतीय बाजार में अपनी तकनीक सुरक्षित रखने के लिए विदेशी कंपनियां भी पीछे नहीं हैं। क्वालकॉम (2,949), नोकिया (1,582), सैमसंग (1,563), शाओमी (700), गूगल (626) और ऐप्पल (409) जैसी कंपनियों ने 2024-25 में भारत में बड़ी संख्या में पेटेंट आवेदन किए।

 

विदेशी तकनीक के इस्तेमाल की एक बड़ी आर्थिक कीमत भी चुकानी पड़ती है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में भारत ने बौद्धिक संपदा के इस्तेमाल के बदले विदेशों को करीब 1.46 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया, जबकि बदले में हमें सिर्फ 15,103 करोड़ रुपये मिले। हालांकि इसमें मैन्युफैक्चरिंग के अलावा सॉफ्टवेयर, ट्रेडमार्क, कॉपीराइट और फ्रेंचाइज से जुड़े भुगतान भी शामिल हैं, लेकिन यह रकम दिखाती है कि बाहरी तकनीक और ब्रांड्स पर हमारी निर्भरता कितनी बड़ी है।

कहां आगे हैं भारतीय कंपनियां?

ऐसा नहीं है कि भारतीय कंपनियां रिसर्च पर पैसा खर्च नहीं कर रही हैं। कुछ बड़ी कंपनियों ने इस दिशा में बहुत बेहतर काम कर रहे हैं। टाटा मोटर्स ने वित्त साल 2025 में अपने घरेलू कारोबार में रिसर्च और विकास पर करीब 5,137 करोड़ रुपये खर्च किए और भारत में 68 पेटेंट हासिल किए। गाड़ियों के इंजन, बैटरी सिस्टम और सेफ्टी तकनीक पर खुद काम करने से कंपनियों को लागत घटाने और नए मॉडल लाने की आजादी मिलती है।

 

सन फार्मा ने वित्त वर्ष 2025 में अपनी बिक्री का 6.2 % यानी 3,248.4 करोड़ रुपये R&D पर खर्च किए। कंपनी के पास 2,900 से ज्यादा रिसर्च कर्मचारी हैं और उसे अब तक 2,459 पेटेंट मिल चुके हैं। यह दिखाता है कि भारत सिर्फ सस्ती जेनेरिक दवाएं ही नहीं बना रहा बल्कि नई दवाओं की खोज में भी निवेश कर रहा है। चिप उद्योग में फैक्ट्री लगाने से भी ज्यादा अहम चिप का डिजाइन और उसका बौद्धिक अधिकार (IP) होना है। भारत में चिप बनने के साथ-साथ अगर उनका डिजाइन भी यहीं तैयार होगा, तभी असली ताकत मिलेगी।

 

यह भी पढ़ें: हफ्ते के पहले दिन शेयर मार्केट में तेजी, सेंसेक्स-निफ्टी चढ़े; सोना-चांदी का भाव

 

आज के दौर में कोई भी देश या कंपनी 100 % तकनीक खुद नहीं बना सकती। दुनिया की दिग्गज कंपनियां भी एक-दूसरे की तकनीक और पुर्जों का इस्तेमाल करती हैं। लेकिन अगर किसी देश के पास अपना विकल्प न हो तो विदेशी पाबंदियों, सप्लाई चेन रुकने या महंगी रॉयल्टी की वजह से कारोबार संकट में पड़ सकता है। भारत के सामने असली चुनौती यही है कि वह विदेशी तकनीक के साथ-साथ अपनी खुद की तकनीकी क्षमता को भी मजबूत करें ताकि रिसर्च और इनोवेशन कुछ गिनी-चुनी बड़ी कंपनियों तक सीमित न रहकर देश की हर फैक्ट्री तक पहुंच सके।