अगर आप iPhone के शौकीन हैं तो यह शौक आपको महंगा पड़ने वाला है। एप्पल कंपनी ने आपको झटका देने की पूरी तैयारी कर ली है। अब एप्पल ने अपने कई लोकप्रिय प्रोडक्ट्स की कीमतें एक साथ काफी बढ़ा दी हैं। भारत समेत दुनिया भर में मैकबुक और आईपैड के दाम 20 फीसदी से लेकर 42 फीसदी तक महंगे हो गए हैं।

एप्पल ने यह इजाफा क्यों किया है, इसके पीछे कंपनी ने तर्क भी गिना दिए हैं। एप्पल का कहना है कि दुनिया में  सेमीकंडक्टर चिप्स, मेमोरी और स्टोरेज के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। एप्पल हाई क्वालिटी के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करता है, ऐसे में जाहिर सी बात है कि इसके प्रोडक्ट पर महंगाई की मार पड़ेगी ही। 

यह भी पढ़ें: iPhone 18 Pro मैक्स की खूबियां क्या हैं? हर सवाल का जवाब जानिए

नई कीमतें क्या हैं?

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में अब 14 इंच का M5 Pro वाला मैकबुक प्रो 2,99,900 रुपये में उपलब्ध है। पहले इसकी लॉन्च प्राइस 2,49,900 रुपये थी। करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 13 इंच का आईपैड एयर अब 1,19,900 रुपये का हो गया है, जो इसके पुराने लॉन्च प्राइस 84,900 रुपये से 41 फीसदी ज्यादा है। मैकबुक एयर, मैकबुक प्रो, आइपैड एयर और आइपैड प्रो (वाई-फाई) मॉडल्स की कीमतें भी बढ़ाई गई हैं।

एप्पल ने कीमतें क्यों बढ़ाई हैं?

एप्पल का कहना है कि दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेटा सेंटर्स तेजी से विकसित हो रहे हैं। अब ज्यादा मेमोरी और स्टोरेज की मांग बढ़ रही है। चिप्स के दाम इतने तेजी से बढ़ रहे हैं, जैसे पहले कभी नहीं बढ़े। कंपनी काफी वक्त तक ग्राहकों को इस बढ़ोतरी से बचाती रही, लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि कीमतें बढ़ानी जरूरी हो गईं।

एप्पल:-
हमने ग्राहकों को अब तक इन बढ़ते खर्चों से बचाया लेकिन अब हमें कुछ प्रोडक्ट्स पर कीमत बढ़ानी पड़ रही है। हम जानते हैं कि यह अच्छी खबर नहीं है और हम समाधान ढूंढने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: iPhone की वजह से कम पैदा हो रहे बच्चे? हैरान कर देगी यह रिसर्च

किन प्रोडक्ट्स पर नहीं बढ़ी कीमत?

अभी iPhone, एप्पलवॉच और एयरपॉड्स की कीमतें नहीं बढ़ाई गई हैं। हालांकि कंपनी ने संकेत दिया है कि आगे अन्य प्रोडक्ट्स पर भी कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं। इस खबर के बाद एप्पल के शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है। शेयर 6.2% तक गिरकर 274.86 डॉलर पर पहुंच गए। 

नए संकट पर टिम कुक ने क्या इशारा किया था?

कुछ महीने पहले CEO टिम कुक ने खुद कहा था कि मेमोरी की कमी से कई मैक मॉडल्स की सप्लाई प्रभावित हो रही है और यह समस्या कई महीनों तक बनी रह सकती है। सितंबर में एप्पल नया iPhone सीरीज लॉन्च करने वाला है, जिसमें फोल्डेबल फोन भी शामिल हो सकता है। ऐसे में आने वाले समय में iPhone की कीमतें भी बढ़ने की संभावना है।