पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने एक बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाला सच सामने रखा है। राज्य की सत्ता पर काबिज होने की इस जंग में कई सीटों पर हार-जीत का फैसला दो मुख्य प्रतिद्वंद्वियों के बीच नहीं, बल्कि तीसरे खिलाड़ी की मौजूदगी ने तय किया है। आंकड़ों का विश्लेषण करें तो राज्य की कम से कम 82 सीटों पर हार-जीत की चाबी तीसरे नंबर पर रहे उम्मीदवार के पास थी।

 

इन 82 सीटों पर पैटर्न बिल्कुल साफ है, तीसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवार को जीत के अंतर से कहीं अधिक वोट मिले। इसका सीधा मतलब यह है कि दूसरे और तीसरे स्थान के उम्मीदवारों के बीच हुए वोटों के ध्रुवीकरण ने विजेता उम्मीदवार की राह को आसान बना दिया। अगर यह वोट बैंक एकजुट रहता तो बंगाल की चुनावी तस्वीर आज कुछ और ही होती।

 

यह भी पढ़ें: अल्पसंख्यक वोटों के बिखराव से TMC को लगा झटका, BJP को कैसे मिली बढ़त?

 

चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, वोटों के इस बंटवारे का सबसे बड़ा उदाहरण बहरामपुर सीट पर देखने को मिला। यहां कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को BJP ने 17,548 वोटों से मात दी लेकिन तीसरे नंबर पर रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने यहां 49,586 वोट बटोरे। यह संख्या जीत के अंतर से लगभग तीन गुना ज्यादा थी। इसी तरह, दमदम नॉर्थ में TMC की चंद्रिमा भट्टाचार्य की हार की वजह भी यही वोट स्प्लिट रहा, जहां CPM ने 38,000 से अधिक वोट लेकर BJP की जीत का रास्ता साफ कर दिया।

कई दिग्गजों का ढहा किला

ज्यादातर हाई-प्रोफाइल सीटों पर वामपंथी दलों (CPM) ने वोटकटवा की भूमिका निभाकर बड़े दिग्गजों का खेल बिगाड़ दिया। टॉलीगंज सीट पर अरूप विश्वास BJP से महज 6,013 वोटों से हार गए, जबकि यहां CPM को 30,335 वोट मिले। जादवपुर में भी यही कहानी दोहराई गई, जहां BJP की जीत का अंतर 27,716 था लेकिन BJP के बिकाश रंजन भट्टाचार्य 41,148 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। काशीपुर-बेलगछिया, बेहाला वेस्ट और उत्तरपाड़ा जैसी सीटों पर भी CPM की मजबूती ने BJP को विनिंग पोस्ट तक पहुंचाने में मदद की।

 

यह भी पढ़ें: 'राहुल की बात सुनतीं तो...', संजय राउत ने बताया ममता को जीत क्यों नहीं मिली?

कई सीटों पर मिला-जुला असर

वोटों के इस त्रिकोणीय बंटवारे ने न सिर्फ विपक्ष को नुकसान पहुंचाया, बल्कि कुछ जगहों पर रूलिंग पार्टी के लिए ढाल का काम भी किया। कमरहाटी सीट पर मदन मित्रा की जीत में CPM की मौजूदगी ने BJP के वोट में कटौती की जिससे TMC को बढ़त मिली। इस बीच, तीसरी पार्टी के तौर पर कांग्रेस ने डोमकल सीट पर वोट खींचकर CPM को जीतने में मदद की।

 

दार्जिलिंग जैसी सीटों पर, इंडिपेंडेंट कैंडिडेट्स ने भी काफी वोट हासिल किए, जिससे मेन मुकाबले पर काफी असर पड़ा। कुल मिलाकर, इन 82 सीटों के नतीजे दिखाते हैं कि बंगाल में असली किंगमेकर तीसरी पार्टी थी, जो खुद न जीतते हुए भी दूसरों की जीत या हार तय कर सकती थी।