असम में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तीन दिन बाद यानी 9 अप्रैल को वोटिंग होगी। वोटिंग से पहले बीजेपी और कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी की कमान खुद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा संभाले हुए हैं। कांग्रेस की कमान प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई संभाले हुए हैं। राज्य के मुद्दों में असमिया बनाम बाहरी, महिला, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी-महंगाई, बाढ़, जमीन और घुसपैठिए आदि शामिल हैं। अपनी सुविधा के अनुसार ही दोनों दल जनता के बीच जाकर मुद्दे उठा रहे हैं और वोट मांग रहे हैं। 

 

इस बीच असम में एक और मुद्दा है, जिसकी मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक पर सबसे ज्यादा बहस हो रही है। यह मुद्दा कोई और नहीं बल्कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ गोगोई और हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुयान सरमा हैं। बीजेपी चुनाव से महीनों पहले से गोगोई की पत्नी पर पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी से संबंध होने का आरोप लगाकर कांग्रेस को घेर रही है। ताजा मामले में कांग्रेस ने हिमंता सरमा की पत्नी के तीन देशों के पासपोर्ट रखने के मामले में बीजेपी को घेर रही है।

 

असम की सियासत में दो बड़े नेताओं की पत्नियों की एंट्री होने से राज्य की राजनीति में गर्मी बढ़ गई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर यह पूरा विवाद क्या है...

 

यह भी पढ़ें: कहीं 135 तो कहीं 211, पुडुचेरी में एक-एक बूथ से पलट जाते हैं चुनाव के नतीजे

बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ

असम चुनाव 2026 से ठीक पहले हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुयान सरमा को लेकर एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ है। यह विवाद वोटिंग से महज तीन दिन पहले हुआ है। रिंकी को लेकर विवाद उनके पासपोर्ट, विदेशी संपत्ति और वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े आरोपों पर आधारित है। कांग्रेस ने रिंकी के जरिए बीजेपी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री हिमंता सरमा को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों से सोशल मीडिया का मिजाज बदला है और असम में इस बात की चर्चा होने लगी है। 

 

दरअसल, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने रविवार को गुवाहाटी और पवन खेड़ा ने राजधानी दिल्ली में रिंकी भुयान को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें दोनों नेताओं ने दावा करते हुए रिंकी पर आरोप लगाए कि सीएम हिमंत की पत्नी रिंकी भुयान के पास 3 देशों के पासपोर्ट मौजूद हैं। इसमें कहा गया है कि यह पासपोर्ट अलग-अलग देशों UAE, मिस्र, एंटीगुआ के हैं। इसी मुद्दे से असम में नया राजनीतिक विवाद शुरू हुआ है और यह चुनावी बहस का हिस्सा बन गया है।

रिंकी पर 3 पासपोर्ट रखने का आरोप

कांग्रेस के सीनियर नेता और पार्टी के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने सवाल उठाते हुए पूछा कि एक व्यक्ति के पास एक से ज्यादा पासपोर्ट कैसे हो सकते हैं? हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी को 3 पासपोर्ट रखने की क्या जरूरत है? क्या आप कोई अपराधी हैं? कहीं हिमंता के पास भी ऐसे ही और पासपोर्ट हैं? क्या इनकी तैयारी- चुनाव हारने के बाद फरार होने की है? खेड़ा ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और कानूनी उल्लंघन से जोड़कर बताया।

 

 

 

 

कांग्रेस ने कहा, 'असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी पर बहुत सारे आरोप लगते रहे हैं, जैसे- जमीन हड़पना, मंदिर का चंदा चोरी करना, सरकारी सब्सिडी हड़पना आदि, लेकिन हम जो दस्तावेज आपके सामने रख रह हैं, वो भारत के बाहर से जुड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री हिमंता सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं। यह पासपोर्ट UAE, एंटीगुआ-बारबुडा और अरब रिपब्लिक ऑफ इजिप्ट के हैं।'

गृहमंत्री अमित शाह से जांच की मांग

पवन खेड़ा ने सीएम पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि असम की जनता पूछ रही है, 'हिमंता बिस्वा सरमा की पूरी राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं, कैसे? भारत के कानून के हिसाब से आप दोहरी नागरिकता नहीं रख सकते, तो क्या रिंकी भुइयां सरमा भारत का पासपोर्ट भी रखती हैं? क्या हिमंता सरमा, अमित शाह के दत्तक पुत्र हैं? और क्या देश के गृहमंत्री को ये जानकारी थी कि उनके दत्तक पुत्र की पत्नी 3 पासपोर्ट रखती हैं?

 

 

उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाब देने को कहा और पूछा कि क्या अमित शाह SIT बिठाकर इस मामले की जांच कराएंगे?

'हिमंता की पत्नी की दुबई में 2 प्रॉपर्टी'

पवन खेड़ा ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी की दुबई में 2 प्रॉपर्टी हैं, जिसकी पूरी जानकारी उपलब्ध है। इसमें साफ लिखा है- प्रॉपर्टी की मालिक रिंकी भुइयां सरमा हैं। उन्होंने कहा, 'विदेश में प्रॉपर्टी कई लोग रखते हैं, लेकिन जब पत्नी या पति चुनाव लड़ते हैं तो अपने एफिडेविट में दिखाना होता है। मगर हिमंता सरमा के एफिडेविट में दुबई की दोनों प्रॉपर्टी का कोई जिक्र नहीं है। खेड़ा ने पूछा कि हिमंता ने अपनी पत्नी की दुबई वाली प्रॉपर्टी को एफिडेविट में क्यों नहीं दिखाया?

52,000 करोड़ रुपए की मालकिन रिंकी?

इसके अलावा कांग्रेस ने दावा किया है कि अमेरिका के Wyoming में हिमंता की पत्नी रिंकी भुइंया की एक कंपनी है। इस कंपनी की मेंबर लिस्ट में रिंकी भुइंया, हिमंता सरमा और उनके बेटे का नाम है। इस कंपनी का बजट 3,467 करोड़ US डॉलर है, जिसका प्लान अमेरिका में होटल खोलना है। वहीं, कंपनी का जो पैसा परिवार के ही तीन लोगों में बंटना है, वो 52,000 करोड़ रुपए है।

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने दी कांग्रेस को जानकारी? CM सरमा ने पवन खेड़ा पर लगाया बड़ा आरोप

 

पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि हिमंता बिस्वा सरमा ने अपना पैसा शेल कंपनियां बनाकर Wyoming में रखा है। जब हमें ये जानकारी मिली तो हमने 2 दिन इसे क्रॉस चेक किया और आज ये जानकारी आपके सामने है। उन्होंने कहा कि इस जानकारी के आधार पर हिमंता एक दिन भी जेल के बाहर नहीं रहना चाहिए, इसका नामांकन रद्द होना चाहिए। पवन खेड़ा ने कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा रात को सो नहीं पाते हैं, क्योंकि वो जानते हैं कांग्रेस उन्हें जेल में डालने जा रही है। वो हाथ जोड़ेंगे असम की जनता से माफी मांगेंगे, लेकिन अब माफी का कोई मतलब नहीं है, उन पर कानूनी कार्रवाई जरूर होगी।

 

हिमंता और उनकी पत्नी पर लगाए गए इन आरोपों को बाद बीजेपी के लिए चुनाव से पहले मुसीबत खड़ी हो गई है।

बीजेपी के गोगोई की पत्नी पर आरोप क्या हैं?

असम कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद गौरव गोगोई की पत्नी ब्रिटिश मूल की एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई हैं। उनपर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम सरकार की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ये आरोप 2025-2026 के दौरान बीजेपी ने ही उठाए थे। मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने असम सरकार की SIT रिपोर्ट के बयानों के आधार पर एलिजाबेथ पर दावा करते हुए कई आरोप लगाया। 

 

 

 

पाकिस्तान के लिए काम करती थीं एलिजाबेथ?

इसमें उन्होंने कहा था कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ 2011-2012 में पाकिस्तान में 'LEAD Pakistan' नाम के संगठन में काम करती थीं। सरमा ने आरोप लगाया कि एडिजाबेथ गोगोई वे पाकिस्तानी नागरिक कथित तौर पर पाकिस्तानी एजेंट अली तौकीर शेख के सीधे निर्देश पर काम करती थीं और ISI से जुड़ी थीं। 

 

इसी में उन्होंने आरोप लगाते हुए दावा किया को पाकिस्तान स्थित कंपनी ने एलिजाबेथ को नौकरी दी, बाद में उन्हे भारत ट्रांसफर कर गया। मगर, एलिजाबेथ को सैलरी पाकिस्तान से या अली तौकीर शेख के जरिए आती रही। हिमंता सरमा ने आगे आरोप लगाया है कि एलिजाबेथ पाकिस्तान को देश की संवेदनशील जानकारी शेयर की थी। 

बीजेपी के गोगोई पर आरोप

इसी में कहा गया है कि एलिजाबेथ गोगोई ने भारत में काम करते हुए 9 बार पाकिस्तान गईं की यात्राएं कीं। गौरव गोगोई भी 2013 में पत्नी के साथ पाकिस्तान गए थे। बीजेपी ने इसको लेकर विदेशी योगदान (रेगुलेशन) एक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान में एक्टिव बैंक अकाउंट रखने, भारत के विदेशी नागरिक स्टेटस का दुरुपयोग और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा। असम सरकार ने मामला गृह मंत्रालय को भेजा, OCI रद्द करने की मांग की और एआईए जांच की बात कही है। 

 

हालांकि, हिमंता बिस्वा सरमा और गौरव गोगोई दोनों ने ही अपनी-अपनी पत्नियों पर लगे गंभीर आरोपों को गलत करार दिया है। मगर, इसके उलट दोनों ही मामलों में असम में जमकर बहस हो रही है, जिसपर राजनीति हो रही है।