असम में कांग्रेस के लिए प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी ने एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। हिमंत बिस्व सरमा को देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए राहुल गांधी ने कहा है कि असम में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो हिमंत हाथ जोड़कर खड़ा हो जाएगा लेकिन उसे सजा जरूर मिलेगी। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि हिमंत बिस्व सरमा को नरेंद्र मोदी और अमित शाह कंट्रोल करते हैं और अगर वे हिमंत से कहें कि उछलो तो यह उछलने लगेंगे। राहुल गांधी ने एक बार फिर से दोहराया है कि अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो असम को गुवाहाटी से चलाया जाएगा और अनुच्छेद 244 (A) को असम में जरूर लागू किया जाएगा।
राहुल गांधी ने आरोप लगाए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और हिमंत ने मिलकर असम को अपना ATM बना रखा है। उन्होंने यह भी कहा कि अडानी को जितनी जमीन चाहिए होती है हिमंत दे देते हैं और असम के लोगों से पूछते भी नहीं है। बता दें कि असम में इस बार कांग्रेस पूरा दमखम लगा रही है और प्रियंका गांधी, राहुल गांधी भी हिमंत बिस्व सरमा को सत्ता से हटाने के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पेंशन 3000, फ्री बस यात्रा और फ्री पानी, केरल में सब के वादे जान लीजिए
हिमंत पर खूब बरसे राहुल गांधी
हिमंत बिस्व सरमा को आड़े हाथ लेते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी का कंट्रोलर डोनाल्ड ट्रंप है। इधर आपके मिनी नरेंद्र मोदी बैठे हुए हैं जो असम के सीएम हैं। हिंदुस्तान के सबसे भ्रष्ट सीएम हैं, यह पूरी दुनिया जानती है और आप भी जानते हैं। इसका कंट्रोल नरेंद्र मोदी के हाथ में है। अगर इसको नरेंद्र मोदी कहे कि भैया जंप मारो तो यह जंप मारेगा, अगर नरेंद्र मोदी कहे कि अमित शाह का पैर पकड़ो तो यह अमित शाह के पैर पकड़ेगा। यह सच्चाई है। ट्रंप प्रधानमंत्री को कंट्रोल करता है और प्रधानमंत्री आपके सीएम को कंट्रोल करता है।'
उन्होंने आगे कहा, 'पूरा देश जानता है कि हिमंत बिस्वा सरमा देश का सबसे भ्रस्ट मुख्यमंत्री है। हिमंत, सिंडिकेट के साथ मिलकर असम को चला रहा है। जैसे ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी, हिमंत हाथ जोड़कर खड़ा हो जाएगा। हिमंत बिस्वा सरमा को हर भ्रष्टाचार की सजा मिलेगी। हिमंत जानता है कि कांग्रेस पार्टी उसे छोड़ने वाली नहीं है। जिस दिन BJP की सरकार जाएगी, उसी दिन इनका घमंड टूट जाएगा। ऐसे डरपोक लोगों से डरने की कोई जरूरत नहीं है।'
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में कैसी है अल्पसंख्यक राजनीति, वहां का 'ओवैसी' कौन है?
अनुच्छेद 244(A) पर राहुल का बड़ा वादा
असम में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'असम फूलों का एक गुलदस्ता है, जिसमें अलग-अलग धर्म, जाति और विचारधारा के लोग रहते हैं। कांग्रेस की सोच है- हिंदुस्तान की जनता के हाथ में असली ताकत हो, देश को चलाने में हर वर्ग को भागीदारी मिले। दूसरी तरफ BJP की विचारधारा है कि असम को दिल्ली से चलाया जाए- यही लड़ाई चल रही है। कांग्रेस पार्टी 244 (A) लेकर आई थी, क्योंकि हमारी सोच है कि असम को न गुवाहाटी से चलाया जाए और न दिल्ली से। 244 (A) से असम की जनता को ताकत मिलती है और ये उन्हें फैसले लेने की शक्ति देता है। कांग्रेस और BJP में यही फर्क है।'
