यूरोप में मशहूर कंपनी नेस्ले को बड़ा झटका लगा है क्योंकि कंपनी का 12 टन किटकैट चॉकलेट चोरी हो गया है। यह चोरी चॉकलेट के ट्रांसपोर्ट के दौरान हुई थी। चोरों ने किटकैट चॉकलेट से भरा ट्रक गायब कर दिया था। ट्रक में लगभग 4,13,793 किटकैट चॉकलेट के पैकेट थे, जिनका वजन लगभग 12 टन था। माना जा रहा है कि चॉकलेट की चोरी होने की वजह से ईस्टर त्योहार के दौरान मार्केट में किटकैट की उपलब्धता कम होगी। नेस्ले कंपनी ने आशंका जताई है कि कई टन किटकैट चॉकलेट ब्लैक मार्केट में बिक सकते हैं।

 

नेस्ले कंपनी के मुताबिक, चॉकलेट से भरा ट्रक इटली से पोलैंड जा रहा था, उसी दौरान चोरों ने चॉकलेट गायब की थी। नेस्ले कंपनी के लिए यह घटना दुखदायक है क्योंकि कंपनी को चॉकलेट की चोरी की वजह से लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। इस घटना को लेकर नेस्ले कंपनी के प्रवक्ता ने रोचक बयान दिया है। प्रवक्ता ने कहा है, 'कंपनी ग्राहकों को किटकैट के साथ ब्रेक लेने के लिए मोटिवेट करती है लेकिन इस मामले को देखकर लगता है कि चोरों ने इस मैसेज को कुछ ज्यादा ही सच मान लिया और 12 टन चॉकलेट लेकर गायब हो गए।' नेस्ले कंपनी ने चॉकलेट की चोरी के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: ईरान के यूरेनियम पर है डोनाल्ड ट्रंप की नजर, समझिए क्या है प्लान

 

बैच कोड की मदद से चॉकलेट की खोज

किटकैट चॉकलेट के पैकेट पर यूनिक कोड छपा होता है। इस कोड को ट्रेस करके चॉकलेट को खोजने की कोशिश की जा रही है। अगर कोई स्कैनर से इसे स्कैन करता है तो कंपनी को तुरंत सूचना मिल जाएगी कि चॉकलेट कहां बिक रहा है।

 

इसके बाद कंपनी पुलिस के साथ जानकारी शेयर करेगी। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और कंपनी के सप्लाई चेन पार्टनर्स के साथ मिलकर जांच की जा रही है। फिलहाल चोरी से संबंधित कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

 

यह भी पढ़ें: फंसा या फंसाया गया? अमेरिकी मूल के जज पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस

 

चॉकलेट की चोरी का असर

माना जा रहा है कि यूरोप की दुकानों में किटकैट की अस्थायी कमी हो सकती है। जानकारी के लिए बता दें कि ईस्टर त्योहार के दौरान किटकैट की मांग बढ़ जाती है लेकिन इस बार चोरी की वजह से कंपनी को भारी नुकसान होगा।