एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का स्टारशिप अंतरिक्ष यान 22 घंटे की यात्रा के बाद सफलतापूर्वक धरती पर लौट आया। यान अपने प्रक्षेपण स्थल के आसपास मंडराने लगा। तभी प्रक्षेपण स्थल पर लगे विशाल यांत्रिक हाथों ने उसे पकड़ लिया। इन्हें मैकेनिकल आर्म्स या चॉपस्टिक्स भी कहा जाता है। यह पहली बार है जब स्पेसएक्स ने अपने विशाल स्टारशिप रॉकेट के ऊपरी हिस्से को सफलतापूर्वक पकड़ा है।

 

शुक्रवार को स्टारशिप को टेक्सास के बोका चिका में स्थित स्टारबेस लॉन्चपैड से लॉन्च किया गया था। कंपनी को उम्मीद थी कि एक ही उड़ान में रॉकेट के दोनों हिस्सों को पकड़ कर वह इतिहास रचेगी, लेकिन शुक्रवार को पहले चरण के बूस्टर में धमाका होने से कंपनी यह कामयाबी हासिल नहीं कर सकी। बूस्टर का मलबा मेक्सिको की खाड़ी में जा गिरा।

 

यह भी पढ़ें: 'काश 2023 में लौट पाता', आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश में निखिल ने जताया अफसोस

 

हालांकि रविवार को जब स्टारशिप अपने प्रक्षेपण स्थल पर लौटा और उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया तो वहां मौजूद स्पेसएक्स के कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उसका स्वागत किया। कंपनी की इस उपलब्धि पर एलन मस्क ने पूरी टीम को बधाई दी और नासा ने भी कामयाबी का स्वागत किया।

पांच साल पहले एलन मस्क ने शेयर किया था वीडियो

पांच वर्ष पहले एलन मस्क ने एक वीडियो शेयर किया था। इसमें एक शख्स और एक लड़का चॉपस्टिक्स से मक्खी पकड़ते हैं। उन्हें कई कोशिशों में कामयाबी मिलती है। अब एलन मस्क के स्पेसएक्स कंपनी के चॉपस्टिक्स ने स्टारशिप को सफलतापूर्वक पकड़कर यही सफलता हासिल की है।  

 

 

 

क्यों अहम है यह सफलता?

स्पेसएक्स एक ही रॉकेट के बार-बार यूज करने की तकनीक पर काम कर रहा है। यही कारण है कि कंपनी रॉकेट के दोनों हिस्सों को सफलतापूर्वक हासिल करना चाहती है। ताकि एक ही रॉकेट बार-बार उड़ान भर सके और खर्च में भारी कमी आ सके। यह उपलब्धि हासिल करके स्पेसएक्स मंगल और चंद्रमा की यात्रा में तेजी लाना चाहता है। अलग-अलग परीक्षण में स्पेसएक्स तीन बार बूस्टर को पकड़ चुका है।

 

यह भी पढ़ें: BSP के वोट बैंक में सेंध लगाएंगे अखिलेश? दलित सम्मेलन के पीछे क्या है बड़ा प्लान

 

स्टारशिप दुनिया का सबसे बड़ा और शक्तिशाली रॉकेट है। यह 407 फुट ऊंचा है। इस उड़ान में स्टारशिप ने अंतरिक्ष में 26 सैटेलाइट्स को तैनात किया। लगभग 265 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी के 14 चक्कर लगाए। इसके बाद उसे सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। 2023 से यह स्टारशिप की 15वीं टेस्टिंग उड़ान थी।