अमेरिका, इजरायल और ईरान की जंग, अब विनाशकारी साबित हो रही है। यह जंग, 3 देशों की थी, लेकिन 12 से ज्यादा देशों तक यह फैल चुकी है। जंग में सिर्फ ईरान नहीं है, हूती हैं, हिजबुल्ला हैं, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के जवान हैं और ईरान की विशाल सेना है। जंग शुरू हुए करीब एक महीने हो गए हैं, कई वैश्विक आपदाओं की आशंका अब पैदा हो रही है।
यमन में ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों ने इजरायल पर दो मिसाइल हमलों की जिम्मेदारी ली है। हूती विद्रोही भी अब इजरायल में तबाही मचाने के लिए तैयार हैं। 3500 अमेरिकी सैनिकों से लदा एक जंग जहाज, पश्चिम एशिया के समुद्री इलाके में पहुंच गया है। ईरान और फारस की खाड़ी में कई निशानों पर हमले जारी हैं।
यह भी पढ़ें: इंटरनेट को चलाने वाले 'तेल' पर हमला क्यों कर रहा ईरान?
अब तक जंग में क्या-क्या हुआ है, आइए समझते हैं-
किस देश के कितने सैनिकों ने जान गंवाई?
- अमेरिका: 13 से ज्यादा सैनिकों की मौतें, 300 से ज्यादा घायल
- ईरान: 1200 से ज्यादा मौतें
- इजरायल: मौतों के आंकड़े सरकार छिपा रही है
- लेबनान: 1,116 से ज्यादा मौतें
अब हूती विद्रोहियों ने संभाली कमान
यमन में मौजूद हूती विद्रोहियों ने इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। उन्होंने कई हमले किए। इजरायल के एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइल रोकने की कोशिश ली। अब हूतियों के सामने आने की वजह से होर्मुज के बाद बाब अल-मंडेब स्ट्रेट भी खतरे में आ सकता है। यहीं से लाल सागर और हिंद महासागर आपस में जुड़ते हैं।
यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट पर अधिकार किसका, क्या ईरान वसूल सकता है टोल, क्या कहते हैं नियम?
अमेरिकी सैनिक करेंगे ग्राउंड ऑपरेशन?
अमेरिका ने 3,500 अमेरिकी नौसैनिकों से लदे सैन्य बेड़े USS त्रिपोली को पश्चिम एशिया में उतार दिया है। अमेरिका, हवाई हमलों में शिकस्त खाने के बाद अब ग्राउंड ऑपरेशन शुरू कर सकता है। हवाई जंग में खाड़ी के देशों में मौजूद कई अमेरिकी ठिकाने अब तक तबाह हो चुके हैं।
जंग में 2 दिनों में क्या-क्या हुआ है?
ईरान और खाड़ी क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले हुए। इजरायल ने ईरान के परमाणु स्थलों और स्टील प्लांट्स पर हमला किया। अबू धाबी में एक एल्यूमिनियम कंपनी का स्मेल्टर ईरानी मिसाइल-ड्रोन हमले से क्षतिग्रस्त हुआ। कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले से आग लगी और ओमान के एक पोर्ट पर भी ड्रोन हमला हुआ है। तेहरान में हुए इजरायली हमलों में भीषण तबाही मची है।
यह भी पढ़ें: ...तो अब बंद होगा लाल सागर? ईरान जंग में हूती विद्रोहियों की एंट्री
जमीन पर क्या हो रहा है?
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने ईरान के दो परमाणु स्थलों पर हमला किया है। याज्द में यूरेनियम प्लांट और अराक में एक रिएक्टर पर हमला हुआ है। अभी तक, किसी तरह के रेडिशन की खबरें सामने नहीं आईं हैं। इजरायल ने दो स्टील प्लांट्स पर भी हमले किए। इजरायल में क्लस्टर मुनिशन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और चार घायल हुए हैं।
लेबनान का हाल क्या है?
लेबनान में इजरायली हमलों में तीन पत्रकार मारे गए, जिनमें हिजबुल्लाह से जुड़े नेटवर्क का एक रिपोर्टर भी शामिल है। इजरायल ने उसे आतंकवादी बताया। स्वास्थ्य कर्मियों पर भी हमले हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक शनिवार को 9 पैरा मेडिकल स्टाफ मारे गए हैं। मार्च में अब तक 51 स्वास्थ्यकर्मी मारे जा चुके हैं। लेबनान में कई अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र बंद हो गए हैं।
ट्रंप प्रशासन क्या कह रहा है?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने मियामी में कहा कि अमेरिका के पास ईरान में अभी भी 3,554 टारगेट बाकी हैं, जिन्हें जल्द निशाना बनाया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने पहले भी कई बार जीत का दावा किया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने मध्य पूर्व के और देशों से अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करने की अपील की। उन्होंने NATO पर खर्च कम करने का संकेत दिया क्योंकि सहयोगी इस युद्ध में हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने कहा कि ईरान के साथ बैठकें इस सप्ताह हो सकती हैं।
विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को 15 पॉइंट समझौता शेयर किया है, ईरान ने अब तक जवाब नहीं दिया है। अमेरिका, USS जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात करने वाला है। USS जेराल्ड आर. फोर्ड क्रोएशिया में लंगर डाले हुए है। मार्को रुबियो ने दावा किया है कि अमेरिका बिना जमीनी सैनिकों के अपने लक्ष्य हासिल कर सकता है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के नाक में दम कर देगा ईरान! रूस कैसे कर रहा है मिलिट्री मदद?
जंग में किसने क्या खोया है?
सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरानी हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं। कोई मौत नहीं हुई लेकिन एक रिफ्यूलर टैंकर विमान क्षतिग्रस्त हो गया है। ईरान में अब तक 1,900 से ज्यादा लोग मारे गए। लेबनान में 1,189 मौतें हुईं हैं।
जंग में भारत और पाकिस्तान कहां है?
भारत सरकार, पश्चिम एशिया में चल रहे जंग पर नजर बनाए हुए है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से बात की। पाकिस्तान क्षेत्रीय शक्तियों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी कर रहा है। पाकिस्तान ने ईरान से कहा कि 20 पाकिस्तानी जहाजों को हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने दिया जाए। ईरान ने अभी तक मंजूरी नहीं दी है।
