अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर निशाना साधते हुए महंगाई, तेल की कीमतों और ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि पिछले 3 महीनों में अमेरिका की महंगाई दर 1.7 फीसदी रही है, जो काफी कम है। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति पर निशाना साधा और जो बाइडेन की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उन्हें महंगाई की ऊंची दर विरासत में मिली थी।
डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना जरूरी है। हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने दे सकते। ट्रंप का दावा है कि युद्ध खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में भारी गिरावट आ सकती है।
यह भी पढ़ें: फ्लोरिडा में रिहायशी इलाके में निजी बिजनेस जेट हुआ क्रैश, 9 लोगों की मौत
महंगाई और युद्ध पर क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'पिछले 3 महीनों में आपकी महंगाई दर 1.7 फीसदी रही है, जो काफी कम है। मुझे स्लीपी जो बाइडेन से विरासत में ऊंची कीमतें मिलीं, मैंने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका लेकिन तेल की कीमतें बाइडेन के समय से काफी कम हैं, यहां तक कि बराक ओबामा के समय से भी काफी कम हैं। जब यह युद्ध खत्म होगा, तो तेल की कीमतें तेजी से गिरेंगी'
ट्रंप ने कहा कि हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दे सकते। इसलिए मैंने कहा, चलो यह छोटी-सी यात्रा करते हैं, इस देश और पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए यह बहुत छोटी कीमत है।
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव का बिगुल
अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को मिडटर्म चुनाव होने हैं। इन चुनावों में अमेरिकी संसद के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर मतदान होना है। इन चुनावों में कांग्रेस पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बना रहेगा या डेमोक्रेट्स को बढ़त मिलेगी, यह तय होगा।
मिडटर्म चुनाव को लेकर अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप लगातार चुनावी रैली कर रहे हैं। यह बयान उन्होंने अमेरिका के कंसास राज्य के सलीना में चुनावी रैली के दौरान दिया था। यह रैली अमेरिका के मिडटर्म चुनाव से पहले उनकी आखिरी चुनावी सभा थी।
