हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने CNN समेत तीन चैनलों पर बैन लगा दिया था। इस बैन का मतलब था कि इन चैनलों के पत्रकार व्हाइट हाउस की कवरेज नहीं कर पाएंगे। इसी फैसले को चैनलों ने कोर्ट में चुनौती दी थी। अब कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप को कहा है कि इन चैनलों के पत्रकारों को फिर से व्हाइट हाउस का ऐक्सेस दिया जाए। जज ने यह भी कहा कि इस तरह का बैन लगाना एक तरह से असंवैधानिक है।
डोनाल्ड ट्रंप ने इन चैनलों पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाते हुए व्हाइट हाउस में इनके पत्रकारों की एंट्री पर बैन लगा दिया था। उनके इसी फैसले के खिलाफ इन तीन चैनलों के अलावा कई अन्य चैनलों ने भी व्हाइट हाउस की कवरेज बंद कर दी थी। इसके जवाब में व्हाइट हाउस ने ट्रंप TV नाम का एक डिजिटल स्ट्रीमिंग चैनल भी शुरू कर दिया था।
यह भी पढ़ें: CNN से Politico तक, मीडिया को बैन करने पर क्यों तुले हैं डोनाल्ड ट्रंप?
जज ने क्या कहा?
इस मामले की सुनवाई डिस्ट्रिक्ट जज टिम केली ने की। उन्होंने इस तरह के बैन को असंवैधानिक बताते हुए राष्ट्रपकि डोनाल्ड ट्रंप को आदेश देते हुए कहा कि CNN, MS Now और पोलिटिको के पत्रकारों का व्हाइट हाउस का ऐक्सेस बहाल किया जाए। बता दें कि अमेरिकी सरकार के जस्टिस डिपार्टमेंट के वकीलों ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए इस बैन को सही ठहराने की कोशिश की लेकिन जज ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
यह भी पढ़ें: 'ईरान से डील होगी या कड़ा एक्शन', संयुक्त राष्ट्र में ट्रंप का खुला अल्टीमेटम
इससे पहले, डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा था कि इस तरह के चैनलों को इस तरह की 'कल्पना' और 'झूठ' लिखने की छूट नहीं होनी चाहिए। बता दें कि वह लंबे समय से CNN के आलोचक रहे हैं। हाल ही में जब वह संयुक्त राष्ट्र की महासभा में पहुंचे तो वह वहां से भी उन्होंने CNN पर तंज कसा। उन्होंने कहा, 'मैं हैरान हूं कि CNN भी यहां मुझे कवर कर रहा है। आपको मुझे कवर नहीं करना चाहिए। आपने ही कहा था कि आप मुझे कवर नहीं करेंगे।' बता दें कि भले ही व्हाइट हाउस से इन चैनलों को बैन किया गया था लेकिन संयुक्त राष्ट्र महासभा की कवरेज से किसी को भी नहीं रोका गया था।
