अमेरिका में एक रिपोर्ट के सामने आने के बाद एलन मस्क का स्टारलिंक विवादों में आ गया है। वॉशिंगटन पोस्ट ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि ईरान ने स्पेसएक्स की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल अमेरिकी सेना पर पर हमलों में किया है। यह हमला मार्च 2026 में हुआ था, जब अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद दोनों पक्षों के बीच सीधी लड़ाई चरम पर थी। 

वॉशिंगटन पोस्ट ने 4 अलग-अलग सूत्रों का जिक्र कर यह दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्पेसएक्स के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) एलन मस्क को मार्च में पता चला कि ईरान स्टारलिंक की मदद से अमेरिका पर हमले कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसकी जानकारी मिलने पर वह बेहद नाराज हुए। उन्होंने इसकी जांच के लिए एक टीम बनाई। स्पेसएक्स और अमेरिकी रक्षा विभाग ने अभी तक इस रिपोर्ट पर कुछ नहीं कहा है।

यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में अमेरिकी बेस तक पहुंचे ईरानी ड्रोन, रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे

रिपोर्ट में क्या दावे किए गए हैं?

वॉशिंगटन पोस्ट ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि ईरान कमांड और कंट्रोल के लिए और एकतरफा हमला करने वाले ड्रोन उड़ाने के लिए स्टारलिंक का इस्तेमाल कर रहा था। अमेरिकी सेना ने जब ईरानी सेना की पारंपरिक संचार प्रणालियों को निशाना बनाया, तब ईरान ने विकल्प के तौर पर स्टारलिंक अपनाया।

एक सूत्र के हवाले से कहा गया है कि इसकी जानकारी ट्रंप प्रशासन को तब मिली, जब अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सेंट्रल कमांड ने इस बारे में बताया। पेंटागन के प्रवक्ता ने इससे इनकार किया है। प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें पीट हेगसेथ को दी गई ऐसी किसी रिपोर्ट की जानकारी नहीं है।

यह भी पढ़ें: मायके जाने की मांगी इजाजत, ईरानी पति ने पीट-पीटकर ले ली 14 साल की जान

अमेरिकी सेना के इस्तेमाल पर क्या कहा गया?

रिपोर्ट के मुताबिक मस्क की टीम को यह भी पता चला कि अमेरिकी सेना स्टारलिंक के सैन्य संस्करण स्टारशील्ड पर आत्मघाती ड्रोन उड़ा रही थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह सस्ती योजना पर हुआ, जो जमीनी अभियानों के लिए बनी थी। बताया गया है कि एलन मस्क अमेरिका और ईरान दोनों से नाराज थे।

इस कांड पर क्या है एलन मस्क का रुख?

एलन मस्क पहले भी इस पर बोल चुके हैं। उन्होंने कहा था कि यह उस व्यावसायिक शर्त का उल्लंघन है, जिसके तहत अमेरिकी सेना को रियायती दर पर स्टारशील्ड मिलती है। एक मार्च को एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में उन्होंने लिखा था कि हथियार प्रणालियों के लिए टर्मिनल का इस्तेमाल स्टारलिंक की शर्तों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा था कि यह सभी उपयोगकर्ताओं पर लागू है और पता चलने पर सेवा बंद कर दी जाती है।

कुवैत हमले जिक्र क्यों?

रिपोर्ट में बताया गया स्टारलिंक के इस्तेमाल का समय एक मार्च 2026 को कुवैत के पोर्ट शुऐबा में अमेरिकी सामरिक संचालन केंद्र पर हुए ड्रोन हमले से जुड़ा हो सकता है। इस हमले में अमेरिकी सेना रिजर्व के 6 जवानों की मौत हुई थी और 20 से ज्यादा घायल हुए थे।

हमले में एकतरफा ड्रोन का इस्तेमाल हुआ था। वॉशिंगटन पोस्ट के सूत्रों का दावा है कि ईरान उस समय ऐसे ड्रोन के कॉर्डिनेशन के लिए स्टारलिंक का इस्तेमाल कर रहा था। अखबार ने अमेरिका रक्षा विभाग से पूछा कि क्या एक मार्च के कुवैत हमले में स्टारलिंक इस्तेमाल हुआ था। रक्षा विभाग ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें: स्टारशील्ड: अमेरिका का खुफिया हथियार, कैसे मस्क का स्टारलिंक इससे जुड़ा?

ईरान में स्टारलिंक का हाल क्या है?

स्टारलिंक को ईरान में काम करने का लाइसेंस नहीं मिला है, लेकिन एलन मस्क पहले कह चुके हैं कि वहां सेवा चालू है। वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक जनवरी में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद अमेरिकी सरकार ने हजारों स्टारलिंक टर्मिनल चोरी-छिपे ईरान पहुंचाए थे।

ईरानी अधिकारियों ने अशांति के दौरान सार्वजनिक इंटरनेट पहुंच पर रोक लगाई थी। फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजरायल के साथ मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान सरकार ने इंटरनेट पर सख्त नियंत्रण रखा है।