अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग सातवें दिन भी जारी है। इजरायली वायुसेना ने तेहरान और इस्फान में हमलों की नई लहर शुरू कर दी है। इजरायली सेना का कहना है कि 28 फरवरी के बाद तेहरान पर यह हमलों की 15वीं लहर है। शुक्रवार को भी अमेरिका और इजरायल की सेना ने कई सैन्य ठिकानों को तबाह किया है। इराक के बसरा एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले की खबर है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हमले को किसने अंजाम दिया है। ईरान की राजधानी तेहरान में कई आवासीय इमारतों पर बमबारी की गई।

 

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 2000 से अधिक घायल लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। हमलों में 11 अस्पताल, आठ इमरजेंसी मेडिकल सेंटर और 12 एम्बुलेंस को नुकसान पहुंचा है। मृतकों में 198 महिलाएं भी शामिल हैं। 

 

यह भी पढ़ें: क्या है इजरायल की 'स्पेस मिसाइल', जिसने ली अली खामेनेई की जान, कैसे काम करती है?

इजरायल ने कोम को खाली करने का दिया निर्देश

उधर, इजरायली सेना ने लोगों से ईरान के कोम स्थित शोकोहियेह इंडस्ट्रियल एरिया को खाली करने का निर्देश दिया है। इजरायली सेना ने एक्स पर एक मैप साझा किया। इसमें लाल लकीरों से एक इलाके को चिह्नित किया गया है। जिसमें कहा गया कि इस इलाके में रहने से आपकी जान को खतरा है। मैप में दिखाए गए इलाके को तुरंत छोड़ दें। इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने इजरायल और अमेरिका पर तेहरान में स्थित एक प्राथमिक स्कूल को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।

यूएई ने 9 बैलेस्टिक मिसाइलों को मार गिराया

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर ईरान का हमला शुक्रवार को भी जारी रहा। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार को 109 ड्रोन और 9 बैलेस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सफलता मिली है। तीन ड्रोन उसके इलाके में गिरे हैं। मंत्रालय ने आगे कहा कि अब तक 190 बैलेस्टिक मिसाइल, 1110 ड्रोन और आठ क्रूज मिसाइलों को तबाह किया जा चुका है।

बहरीन में इजरायली दूतावास पर हमला

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि बहरीन की राजधानी मनामा में स्थित इजरायली दूतावास को निशाना बनाया गया है। दूसरी तरफ बहरीन ने 78 मिसाइल और 143 ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया। ईरानी सेना ने कतर स्थित अमेरिका के अल उदैद बेस पर हमले की बात भी कही है। उधर, लेबनानी सीमा पर सैन्य कार्रवाई के दौरान इजरायल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच के बेटे घायल हुए हैं।

 

यह भी पढ़ें: खत्म हो गईं ईरान की मिसाइलें? 6वें दिन थम गई हमलों की रफ्तार; दोहा में कई धमाके

ईरान के हमलों में क्यों आई कमी?

अमेरिका और इजरायल का दावा है कि ईरान के भूमिगत मिसाइल स्थलों को नष्ट कर दिया गया है। इस कारण ईरान के हमलों में कमी आई है। आने वाले चरणों में ईरानी शासन की नींव पर हमला करने की बात कही है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान के अगले नेता के चयन में उन्हें शामिल होना होगा।

 

एक्सियोस से फोन पर बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'वे अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। खामेनेई का बेटा किसी काम का नहीं है। वह मुझे स्वीकार्य नहीं है। हम ऐसा व्यक्ति चाहते हैं, जो ईरान में सद्भाव और शांति ला सके। मुझे इस नियुक्ति में शामिल होना होगा, जैसे कि वेनेजुएला में डेल्सी रोड्रिगेज के मामले में हुआ था।