पाकिस्तान की एक एंटी टेररिज्म कोर्ट ने गुरुवार को जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान के खिलाफ केस का फैसला फिर टाल दिया। यह मामला 26 नवंबर 2024 के प्रदर्शन से जुड़ा है। जज अमजद अली शाह ने बिना कोई और सुनवाई किए फैसला छठी बार टाला। अब फैसला 16 दिसंबर को सुनाया जाएगा।

प्रदर्शन में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के 10 हजार से ज्यादा समर्थक इस्लामाबाद में घुस गए थे। उस समय सार्वजनिक सभाओं पर रोक थी और लॉकडाउन लगा था। समर्थकों की सुरक्षा बलों से झड़प भी हुई। वह पार्टी संस्थापक इमरान खान की रिहाई की मांग कर रहे थे।

यह भी पढ़ें: 'शायद जिंदा वापस न आ पाऊं', पूर्व पाकिस्तानी PM इमरान खान ने जेल से लिखी चिट्ठी

6 बार टल चुका है फैसला

प्रदर्शन की वजह से PTI के कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। अलीमा समेत 11 लोगों के खिलाफ सादिकाबाद थाने में केस दर्ज हुआ था। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक अलीमा के वकील ने अदालत के फैसला सुरक्षित रखने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि बचाव पक्ष की दलीलें सुने बिना ऐसा किया गया और उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला।

अदालत ने पहली बार 22 सितंबर को फैसला सुरक्षित रखा था। इसे सुनाने की तारीख 25 सितंबर तय हुई थी। जज अमजद अली शाह के छुट्टी पर जाने से घोषणा टल गई और अगली तारीख 1 अक्टूबर रखी गई। इसके बाद फैसला कई बार टला है।

यह भी पढ़ें: 'अमेरिका में प्रोटेस्ट करो, यहां नहीं', इमरान खान से बॉम्बे हाई कोर्ट

इमरान खान की बहनों पर गिरी सियासी गाज

इमरान खान की तीनों बहनों नूरीन नियाजी, डॉ. उज्मा खान और अलीमा खान को सितंबर में मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर (MPO) अध्यादेश की धारा 3 के तहत हिरासत में लिया गया था। हिरासत का मकसद इमरान खान की रिहाई के लिए देशव्यापी प्रदर्शन में लोगों को जुटाने से रोकना बताया गया। 

पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने MPO के तहत जारी हिरासत आदेश वापस लिए तो नूरीन और उज्मा इसी महीने की शुरुआत में जेल से रिहा हो गईं। अलीमा अब भी लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद हैं।

यह भी पढ़ें: इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस क्यों? OCI कार्ड के नियम और कानून समझें

3 साल से जेल में कैद हैं इमरान खान 

74 साल के इमरान खान 2023 से जेल में हैं। उन पर भ्रष्टाचार और हिंसा भड़काने समेत 100 से ज्यादा केस हैं। उनकी पत्नी बुशरा बीबी को 17 जनवरी 2025 को एक अलग केस में गिरफ्तार किया गया था। इस केस में दोनों को सजा सुनाई गई थी।

सोमवार को पाकिस्तान के दो प्रमुख विपक्षी नेताओं ने देश की सर्वोच्च न्यायपालिका से इमरान खान और बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत पर तुरंत दखल देने की मांग की। यह अपील इमरान खान की एक चिट्ठी के बाद आई है। उन्होंने पिछले हफ्ते तीन अदालतों के मुख्य न्यायाधीशों को पत्र लिखकर अपने और बुशरा बीबी के इलाज की मांग की थी।