देशभर में दिवाली के त्योहार की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। यह खुशियों, रोशनी और उत्सव का त्योहार है। इस दिन लोग तरह-तरह की मिठाइयां खाते हैं और पटाखे जलाते हैं लेकिन दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। खासतौर से वे लोग जिन्हें पेसमेकर लगा है, एंजियोप्लास्टी के दौरान स्टेंट डाला गया या बाईपास सर्जरी हुई है। इन लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखना चाहिए।

 

दिवाली के पटाखों से निकलने वाला धुआं, वायु प्रदूषण, तेज आवाज, नींद की कमी और खानपान में बदलाव के कारण सेहत पर प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में अपने खानपान, फिजिकल एक्टिविटीज और दवाइयों का ध्यान रखना जरूरी है।

 

यह भी पढ़ें: हफ्तों बाद तक दिवाली की मिठाई खाना कितना खतरनाक, डाइटिशियन से जानिए

हृदय के मरीज पटाखों से दूरी बनाएं रखें

दिवाली के दौरान पटाखे जलाने से हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कणों की मात्रा ज्यादा बढ़ जाती है। ये इतने छोटे होते हैं कि सांस से साथ शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। ये सिर्फ आपके फेफड़ों तक ही नहीं बल्कि ब्लड स्ट्रीम में भी पहुंच जाते हैं। इसकी सीधा असर आपके हृदय पर पड़ता है। American Heart Association (AHA) के मुताबिक पहले से हृदय की बीमारियों से जूझ रहे लोगों को वायु प्रदूषण के संपर्क में आने से हार्ट अटैक, स्ट्रोक, अनियमित धड़कन और हार्ट फेलियर का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए दिवाली की रात और उसके अगले दिन घर से बाहर वॉक पर न जाएं। घर के अंदर ही हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करें।

 

इन बातों का रखें ध्यान

  • तेज आवाज के पटाखों से दूरी बनाकर रखें।
  • घर की खिड़कियां और दरवाजें बंद ही रखें ताकि बाहर का धुआं घर में न आए।
  • घर में HEPA एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हो तो उसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • जरूरी होने पर एन-95 मास्क पहनकर ही निकलें।

पेसमेकर वाली मरीज क्या करें?

पेसमेकर एक छोटा सा इलेक्ट्रोनिक डिवाइस है जिससे दिल की धड़कन को नियंत्रित करने के लिए लगाया जाता है। ऐसा नहीं है कि पेसमेकर लगाने वाले दिवाली का त्योहार नहीं मना सकते हैं। उन्हें बस जरूरी बातों का ध्यान देना है ताकि कोई परेशानी न हो।

  • दिवाली की सजावट के दौरान कोई भारी सामान न उठाएं। 
  • पटाखों के धुएं और भीड़भाड़ से दूर रहें।
  • डॉक्टर की सलाह के अनुसार शारीरिक गतिविधियां करें। 
  • अपनी दवाइयां निर्धारित समय पर लें।

स्टेंट डलवाया है तो इन बातों का रखें ध्यान

 

जिन लोगों ने स्टेंट या बाईपास सर्जरी करवाई है, उन्हें अपनी दवाइयों का विशेष ध्यान रखना है। पटाखों के धुएं और प्रदूषित वातावरण से दूर रहें। इसके अलावा ज्यादा नमक और फैट वाली चीजों को खाने से परहेज करें।

 

यह भी पढ़ें: Happy Diwali: दिवाली पर दोस्तों को भेजें खुश कर देने वाले ये शुभकामना संदेश

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

  • सीने में दर्द, दबाव या भारीपन महसूस होना।
  • सांस लेने में अचानक परेशानी होना।
  • दिल की धड़कन बहुत तेज या अनियमित होना।
  • अचानक चक्कर आना या बेहोशी महसूस होना।
  • असामान्य पसीना आना, खासकर सीने में परेशानी के साथ।

कैसे रखें सेहत का ध्यान?

  • त्योहार में मिठाइयां, नमकीन, तली भुनी चीजें ज्यादा खाना पसंद करते हैं लेकिन हृदय संबंधित मरीजों को अपने खानपान पर नियंत्रण रखना चाहिए।
  • खान में ज्यादा घी, मक्खन वाली चीजें खाने से परहेज करें।
  • ज्यादा नमक वाले स्नैक्स न खाएं। 
  • मिठाइयां और चीनी वाली चीजों को भी नियमित मात्रा में लें।
  • डाइट में फल, सब्जियों, साबुत अनाज और फाइबर वाली चीजों को शामिल करें।
  • डॉक्टर ने जितना पानी पीने की सलाह दी है उतना ही लें।
  • शराब और धूम्रपान से दूर रहें।