किराए के घर में रहने वाले लोग अक्सर सोचते हैं कि बिना ज्यादा खर्च किए घर को खूबसूरत कैसे बनाया जा सकता है। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान और बजट-फ्रेंडली डेकोरेशन आइडियाज हैं जिनको अपनाकर आप अपने किराए के घर को स्टाइलिश, आरामदायक और आकर्षक बना सकते हैं। किराए के घर में सजावट करने के लिए आप वॉल स्टिकर, इनडोर पौधे, रंग-बिरंगे कुशन आदि का इस्तेमाल कर सकते हैं।
आजकल कई लोग अलग-अलग वजह से किराए के घर में रहते हैं। किसी को पढ़ाई, नौकरी के कारण दूसरी जगह किराए के घर में रहना पड़ता है तो किसी के पास इतने पैसे नहीं होते कि वह खुद का अपना एक घर ले सकें। ऐसे में उन्हें घर तो मिल जाता है लेकिन वह उस घर को अपना पर्सनल टच नहीं दे पाते हैं। मकान मालिक के डर से लोग किराए के घर को डोकोरेट करने से कतराते हैं। आपके इसी डर को दूर करने के लिए हम कुछ ऐसे टिप्स बताने जा रहें हैं जिसको अपनाने से आपके मकान मालिक भी नाराज नहीं होंगे। यह वे आसान तरीके हैं जिनसे आपका किराए का घर बेहद खूबसूरत और लक्जरी दिखने लगेगा। चलिए जानते हैं इन 10 आसान डेकोरेशन के बारे में।
यह भी पढ़ें: सुबह की भागदौड़ से बचना है? रात में ऐसे तैयार करें स्कूल बैग
1. दीवारों पर रिमूवेबल वॉलपेपर या वॉल स्टिकर लगाएं
अगर आप किराए के घर में रहते हैं तो दीवारों पर पेंट करवाना आसान नहीं होता क्योंकि मकान मालिक के आपको पेंट करने की अनुमति नहीं देगा। ऐसे में रिमूवेबल वॉलपेपर या वॉल स्टिकर सबसे अच्छा विकल्प हैं। इन्हें आसानी से लगाया और हटाया जा सकता है जिससे घर भी सुंदर दिखता है और मकान मालिक को भी कोई शिकायत नहीं होती।
2. इनडोर पौधों से घर में ताजगी लाएं
स्नेक प्लांट, मनी प्लांट, पीस लिली या छोटे गमलों वाले पौधे घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ वातावरण को भी ताजा महसूस कराते हैं। इन्हें बालकनी, खिड़की या कमरे के किसी कोने में रखकर घर को नेचुरल लुक दिया जा सकता है। इसके अलावा घर में पॉजिटिविटी भी आती है।
3. पर्दे, कुशन और बेडशीट से घर को रॉयल बनाएं
अगर पूरे कमरे का लुक बदलना चाहते हैं तो सबसे आसान तरीका है नए रंगों के पर्दे, कुशन कवर और बेडशीट का इस्तेमाल करना। हल्के और मैचिंग रंग कमरे को बड़ा, साफ और आकर्षक दिखाते हैं जबकि खर्च भी ज्यादा नहीं होता। मैचिंग के पर्दे, कुशन और बेडशीट से किराए का घर हॉटल के कमरे जैसा शानदार दिखने लगता है।
यह भी पढ़ें: ताबें और पीतल के बर्तन अगर काले हो जाएं तो कैसे चमकाएं? पढ़ें देसी नुस्खे
4. रग या कारपेट से कमरे को स्टाइलिश बनाएं
फर्श पर छोटा रग या कारपेट बिछाने से कमरा पहले से ज्यादा सुंदर और आरामदायक लगता है। यह खासकर लिविंग रूम और बेडरूम की खूबसूरती बढ़ाने का आसान और किफायती तरीका है।
5. फेयरी लाइट्स और टेबल लैंप का इस्तेमाल करें
घर की रोशनी बदलने से पूरे माहौल में फर्क आ जाता है। फेयरी लाइट्स, टेबल लैंप या वार्म एलईडी लाइट्स लगाने से कमरा ज्यादा आरामदायक और मॉडर्न दिखता है। इन्हें बिना किसी बड़ी तोड़फोड़ के आसानी से लगाया जा सकता है।
6. फोटो फ्रेम से दीवार की सजावट करें
अपनी पसंदीदा तस्वीरें, पेंटिंग्स या पोस्टर्स को हल्के फ्रेम में लगाकर घर को पर्सनल टच दें सकते हैं। कोशिश करें कि ऐसे हुक या स्ट्रिप्स का इस्तेमाल करें जो दीवार को नुकसान पहुंचाए बिना आसानी से हट जाएं।
7. मल्टी-परपज फर्नीचर चुनें
अगर घर छोटा है तो स्टोरेज वाले स्टूल, फोल्डिंग टेबल, सोफा-कम-बेड या स्टोरेज बॉक्स जैसे फर्नीचर खरीदें। इससे सामान रखने की जगह भी मिलती है और कमरा व्यवस्थित दिखता है। यह फर्नीचर किफायती के साथ-साथ क्लासी भी लगता है।
8. स्टोरेज बास्केट और ओपन शेल्फ का इस्तेमाल करें
बिखरे हुए सामान से घर छोटा और अव्यवस्थित लगता है। खूबसूरत स्टोरेज बास्केट, पोर्टेबल शेल्फ या ऑर्गेनाइजर का इस्तेमाल करके आप घर को साफ-सुथरा और आकर्षक बना सकते हैं।
9. आईने लगाकर कमरे को बड़ा दिखाएं
कमरे में सही जगह पर एक बड़ा आईना लगाने से रोशनी ज्यादा फैलती है और कमरा पहले से बड़ा नजर आता है। यह छोटा किराए का घर भी खुला और स्टाइलिश दिखाने का आसान तरीका है।
10. छोटे-छोटे डेकोरेटिव आइटम से दें नया लुक
फूलदान, खूशबू वाली मोमबत्तियां, टेबल लैंप, सजावटी ट्रे, किताबें या छोटे शोपीस जैसी चीजें घर की खूबसूरती बढ़ा देती हैं। कम बजट में भी इनकी मदद से आप अपने किराए के घर को स्टाइलिश और आरामदायक बना सकते हैं।


