अक्सर महिलाओं को अपना भरा हुआ वॉर्डरोब देखकर भी यही लगता है कि उनके पास पहनने के लिए कुछ भी नया नहीं है। एक ही तरह के कपड़ों को बार-बार उसी पुराने अंदाज में पहनकर बोरियत होना जायज है लेकिन फैशन का असली सच यह है कि स्टाइल ज्यादा कपड़ों से नहीं बल्कि उन्हें पहनने के तरीके से आता है। इस समस्या का हल ढेर सारे नए कपड़े खरीदने में नहीं है, बल्कि अपने पास मौजूद पुराने और बेसिक कपड़ों को ही 'रिपीट' करने की सही कला सीखने में है। 

 

फैशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर आप स्टाइलिंग की कुछ छोटी और आसान ट्रिक्स अपनाएं, तो अपने पुराने कपड़ों को ही हर हफ्ते एक बिल्कुल नए और फ्रेश लुक के साथ पहन सकते हैं। यह तरीका न सिर्फ आपके पैसों की बचत करता है, बल्कि आपको हर दिन यह अहसास भी कराता है कि आपके पास कपड़ों का एक बहुत बड़ा कलेक्शन है। सही मायने में, स्टाइलिंग का जादू ऐसा है कि एक ही साधारण सा कपड़ा आपको ऑफिस की मीटिंग से लेकर दोस्तों के साथ होने वाली पार्टी तक, हर जगह सबसे अलग और स्टाइलिश दिखा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: गिनती के कपड़ों में भी दिखें स्टाइलिश, आखिर क्या है कैप्सूल वार्डरोब?

स्टाइल बदलने का आसान तरीका

वॉर्डरोब की बोरियत दूर करने का सबसे बड़ा राज कपड़ों को 'मिक्स एंड मैच' करने में छिपा है। जब आप अपने पुराने कपड़ों को अलग-अलग जूतों, गहनों और बैग के साथ जोड़ते हैं, तो उनका पूरा लुक ही बदल जाता है। इसके लिए आपको महंगे डिजाइनर कपड़ों की जरूरत नहीं है, बस वॉर्डरोब के उन 5-6 जरूरी कपड़ों को पहचानना है जिन्हें आप बार-बार इस्तेमाल कर सकते हैं। इन आसान ट्रिक्स को अपनाकर आप एक ही शर्ट या जींस को ऑफिस और बाहर घूमने के लिए इस तरह पहन सकते हैं कि देखने वाले को लगेगा कि आपने कुछ नया पहना है।

 

सफेद शर्ट को दें नया ट्विस्ट

 

अगर आप अपनी पुरानी सफेद शर्ट पहनकर थक गए हैं, तो उसे पहनने का तरीका बदलें। ऑफिस के लिए इसे सिंपल पैंट के साथ अंदर (tuck-in) करके पहनें, लेकिन शाम को दोस्तों के साथ जाते समय इसी शर्ट के नीचे एक गांठ (knot) बांध लें और इसे जींस के साथ पहनें। आप इसे अपनी किसी बिना बाजू वाली ड्रेस के ऊपर एक जैकेट की तरह भी पहन सकते हैं या साड़ी के साथ एक मॉडर्न ब्लाउज की तरह पहनकर सबको हैरान कर सकते हैं।

 

 

बेज या ब्लैक ब्लेजर का जादू

 

एक पुराना ब्लेजर आपके पूरे लुक को तुरंत महंगा और क्लासी बना सकता है। इसे सिर्फ ऑफिस की मीटिंग्स तक ही न रखें। अपनी पुरानी जींस और एक प्लेन टी-शर्ट के ऊपर ब्लेजर डालकर आप उसे एक 'स्मार्ट लुक' दे सकते हैं। अगर आप किसी पार्टी में जा रहे हैं, तो अपनी ड्रेस के ऊपर इसे सिर्फ कंधों पर डालें, इससे आपको एक मॉडर्न स्टाइल मिलेगा जो पुराने कपड़ों में भी जान फूंक देगा।

 

ब्लू डेनिम की एवरग्रीन पसंद

 

नीली जींस एक ऐसी चीज है जो कभी पुरानी नहीं होती, बस इसे हर बार सिर्फ टी-शर्ट के साथ पहनना बंद करें। अपने पुराने डेनिम को नया लुक देने के लिए उसे एक लंबे सफेद कुर्ते के साथ पहनें या फिर एक अच्छे टॉप के और हील्स के साथ मैच करें। जींस को नीचे से थोड़ा मोड़ने और जूतों को बदलने मात्र से ही आपका पूरा लुक एकदम नया नजर आने लगेगा।

 

ब्लैक ड्रेस की वर्सटाइल ब्यूटी

 

आपकी पुरानी 'छोटी काली ड्रेस'(LBD) को दोबारा पहनने के कई तरीके हैं। इसे एक बार हील्स और बड़े झुमकों के साथ पहनकर पार्टी लुक दें। अगली बार इसी ड्रेस के अंदर एक सफेद शर्ट पहनें, यह आपको बहुत ही प्रोफेशनल लुक देगा। इसके साथ सफेद स्नीकर्स पहनकर आप इसे एक रिलैक्स डे-आउट ड्रेस में भी बदल सकते हैं, जो आजकल बहुत ट्रेंड में है।

 

 

सफेद कुर्ते का एथनिक टच

 

सफेद कुर्ते को बार-बार एक ही पजामी के साथ पहनकर बोर न हों। इसे अपनी पुरानी ब्लू जींस के साथ पहनकर एक बेहतरीन इंडो-वेस्टर्न स्टाइल अपनाएं। अगर किसी घर के फंक्शन में जाला है, तो इसके सा एक रंगीन और भारी दुपट्टा ले लें और गलें  में थोड़ी ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी पहनें। यह ट्रिक आपके साधारण से पुराने कुर्ते को भी एक नए डिजाइनर पीस जैसा लुक दे देगी।

 

मैक्सी ड्रेस और स्कर्ट का इस्तेमाल

 

गर्मियों के मौसम में मैक्सी ड्रेस और स्कर्ट पहनना बहुत आरामदायक होता है और इन्हें स्टाइल करना भी आसान है। एक लंबी मैक्सी ड्रेस के साथ बेल्ट लगाकर आप उसे नया लुक दे सकते हैं। इसी तरह, स्कर्ट को आप ऑफिस में शर्ट के साथ पहन सकते हैं और बाहर घूमते समय किसी अच्छी टी-शर्ट के साथ मैच कर सकते हैं। यह आपको स्टाइलिश दिखाने के साथ-साथ रिलैक्स भी महसूस कराता है।

 

यह भी पढ़ें: मॉल के बजाय सरोजनी के कपड़े क्यों खरीदते हैं लोग? वजह जान लीजिए

 

एक्सेसरीज और जूतों का कमाल

 

पुराने कपड़ों को एकदम फ्रेश दिखाने में बेल्ट, घड़ी और बैग का बहुत बड़ा हाथ होता है। एक साधारण सी ढीली ड्रेस पर अगर आप एक अच्छी बेल्ट लगा लें , तो वह बिल्कुल नई लगने लगती है। इसी तरह जूतों में बदलाव करके, जैसे चप्पल की जगह बूट्स या स्नीकर्स पहनकर, आप अपने पुराने कपड़ों को हर हफ्ते एक नई चमक दे सकते हैं। बस अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करें और हर दिन नए दिखें।