बारिश के आने से सुकून तो बहुत मिलता है लेकिन घरों में समस्या भढ़ जाती है। कई घरों की छत से बारिश के कारण पानी टपकने लगता है। इससे दीवारों में सीलन, पेंट खराब होने और घर के सामान को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। हालांकि कुछ ऐसे छोटे-छोटे उपाय हैं जिनकी मदद से आप अपने घर को सुरक्षित रख सकते हैं। ये आसान तरीके न सिर्फ छत को टपकने से रोकते हैं बल्कि घर को लंबे समय तक मजबूत भी बनाए रखने में मदद करते हैं। 

 

बारिश में छत चूने की समस्या भले ही आम लगती हो लेकिन अगर इस पर काबू ना पाया जाए तो घर की छत गिरने का डर रहता है। ज्यादातर यह समस्या पुराने घर या टूटी छतों में देखने को मिलती है। इस परेशानी को नजरअंदाज करना गलत है। सही वॉटरप्रूफिंग, नियमित जांच और ड्रेनेज की सफाई से आप इस परेशानी से बच सकते हैं। ये तरीके सस्ते और कारगर होते हैं जिन्हें आप मानसून से पहले या उसके दौरान आसानी से अपना सकते हैं। आइए जानते हैं इन घरेलू उपायों के बारे में जिनसे घर को बारिश के नुकसान से बचाया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: आटे में लग जाते हैं कीड़े तो आज ही अपनाएं ये 8 आसान घरेलू उपाय 

1. दरारों को सीमेंट और वॉटरप्रूफ पाउडर से भरें

अगर छत में छोटी-छोटी दरारें दिखाई दे रही हैं तो उन्हें सीमेंट में वॉटरप्रूफ पाउडर मिलाकर भर दें। इससे पानी के अंदर आने का रास्ता बंद हो जाता है। 

2. वॉटरप्रूफ टेप का इस्तेमाल करें

छोटी दरारों से पानी आ रहा हो तो वॉटरप्रूफ टेप लगाना एक आसान उपाय है। यह टेप पानी को अंदर आने से रोकने में मदद करती है और कुछ समय तक राहत दे सकती है।

3. छत पर जमा कचरा साफ करें

कई बार छत पर पत्ते, मिट्टी और कचरा जमा होने से पानी रुक जाता है, जिससे छत चूने की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए बारिश से पहले और उसके दौरान छत की नियमित सफाई करते रहें।

 

यह भी पढ़ें: किताब खोलते ही आने लगती है नींद? लंबी पढ़ाई के लिए अपनाएं ये तरीके

4. एल्यूमिनियम पेंट या वॉटरप्रूफ कोटिंग लगाएं

छत पर वॉटरप्रूफ कोटिंग या एल्यूमिनियम पेंट लगाने से पानी सीधे सतह में नहीं समाता। इससे छत की सुरक्षा बढ़ती है और सीलन की समस्या कम हो सकती है।

5. छत टपकने वाली जगह पर प्लास्टिक शीट बिछाएं

अगर बारिश के दौरान तुरंत समाधान चाहिए तो छत टपकने वाली जगह पर मोटी प्लास्टिक शीट या तिरपाल बिछा सकते हैं। यह भले ही अस्थायी उपाय है लेकिन पानी को अंदर आने से रोकने में मदद कर सकता है।

6. पानी की निकासी का ध्यान रखें

छत पर बने ड्रेनेज पाइप या पानी निकलने वाले रास्तों को साफ रखें। जब पानी आसानी से निकल जाता है तो छत पर दबाव कम पड़ता है।