विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक एक व्यक्ति को 5 ग्राम से कम नमक रोजाना खाना चाहिए लेकिन भारतीय लोग अपनी जरूरत से दोगुना नमक खाते हैं। ICMR की स्टडी के अनुसार एक व्यक्ति रोजाना 8 से 11 ग्राम नमक खाता है। अधिक नमक खाना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
हम लोग सोडियम वाले नमक का सेवन करते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं पोटेशियम वाला नमक खाने से हार्ट संबंधित बीमारियों के खतरे को कम किया जा सकता है। इस बारे में हमने विभिन्न हृदय विशेषज्ञों से बात की है।
यह भी पढ़ें: इंडोर पॉल्यूशन की वजह से हो सकती है सांस लेने में दिक्कत, क्या है COPD बीमारी?
पोटेशियम वाला नमक किन लोगों के लिए फायदेमंद?
मुंबई के माहिम में एस.एल. रहेजा अस्पताल के इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी, कंसल्टेट डॉक्टर राघव नागपाल के मुताबिक पोटेशियम युक्त नमक (Potassium-enriched salt) सामान्य नमक का एक बेहतर विकल्प हो सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें उच्च रक्तचाप की समस्या है। सामान्य नमक में मौजूद सोडियम का अधिक सेवन रक्तचाप बढ़ाने और हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ाने से जुड़ा है।
इसके विपरीत, पोटेशियम शरीर में सोडियम के प्रभाव को संतुलित करने, अतिरिक्त सोडियम को बाहर निकालने और रक्तचाप नियंत्रित रखने में मदद करता है। इस प्रकार, सामान्य नमक की जगह सीमित मात्रा में पोटेशियम युक्त नमक का इस्तेमाल हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि केवल नमक बदलने से हृदय रोगों का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं होता। किडनी की बीमारी से जूझ रहे लोगों या कुछ विशेष दवाएं लेने वाले मरीजों को इसका सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए।
पोटेशियम युक्त नमक, सामान्य नमक का एक स्वस्थ विकल्प हो सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है। सामान्य नमक में मुख्य रूप से सोडियम क्लोराइड होता है। हालांकि शरीर के लिए सोडियम जरूरी है, लेकिन इसका बहुत अधिक सेवन ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है, जिससे दिल और रक्त वाहिकाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। हृदय विशेष Dr. G Dimpu Edwin Jonathan, Aster RV Hospital, बेंगलुरु
लंबे समय तक हाई ब्लड प्रेशर अनियंत्रित रहने से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी की बीमारी का खतरा बढ़ सकता है। पोटेशियम युक्त नमक में सोडियम क्लोराइड की कुछ मात्रा को पोटेशियम क्लोराइड से बदल दिया जाता है। इससे सोडियम का सेवन कम होता है और पोटेशियम का सेवन बढ़ता है, जिससे ब्लड प्रेशर को बेहतर ढंग से नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
दिल के लिए फायदेमंद है पोटेशियम वाला नमक
पोटेशियम दिल की धड़कन को स्वस्थ बनाए रखने, मांसपेशियों के काम करने और शरीर में सोडियम के स्तर को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह रक्त वाहिकाओं को आराम देने में भी मदद करता है, जिससे ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। शोध बताते हैं कि सामान्य नमक की जगह पोटेशियम युक्त नमक का इस्तेमाल करने से स्ट्रोक और दिल से जुड़ी गंभीर समस्याओं का खतरा कम हो सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें हाई ब्लड प्रेशर है या जिन्हें दिल की बीमारियों का अधिक खतरा है। हालांकि, पोटेशियम युक्त नमक दिल की बीमारियों को पूरी तरह से नहीं रोक सकता।
दिल को कैसे रखें स्वस्थ?
दिल की सेहत को सुरक्षित रखने के लिए स्वस्थ आहार लेना, नियमित शारीरिक गतिविधि करना, स्वस्थ वजन बनाए रखना, धूम्रपान से बचना और कोलेस्ट्रॉल व डायबिटीज को नियंत्रित रखना भी उतना ही जरूरी है। लोगों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि पोटेशियम युक्त नमक में भी सोडियम होता है, इसलिए इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।
