गर्मियों के मौसम में तेज धूप और बढ़ते तापमान की वजह से कई लोगों का खाने का मन नहीं करता और वे भूख कम लगने के कारण भोजन छोड़ देते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे में मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के फिटनेस ट्रेनर सिद्धार्थ सिंह ने एक आसान और हेल्दी 7 दिन का इंडियन समर मील प्लान शेयर किया है।इस प्लान में उन्होंने पारंपरिक भारतीय देसी खानों को शामिल किया है, जो हल्के, शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले और पौष्टिक हैं।

इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो में सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि बाहर 45 डिग्री तापमान में भारी खाना खाने का मन नहीं करता, इसलिए ऐसे मील कॉम्बिनेशन चुनें जो शरीर को एनर्जी दें लेकिन भारीपन महसूस न हो। उन्होंने सलाह दी कि गर्मी में खाना छोड़ने की बजाय हल्का, संतुलित और हाइड्रेटिंग भोजन करना चाहिए, जिसमें प्रोटीन, फाइबर और जरूरी पोषक तत्व मौजूद हों।

 

यह भी पढ़ें: सिर्फ 5 जींस रखिए, हर तरह के टॉप, शर्ट और कुर्ती पर लगेंगी परफेक्ट

गर्मियों के लिए 7 हेल्दी मील कॉम्बिनेशन

1. दही-चावल, खीरा और पनीर भुर्जी

यह दोपहर के खाने के लिए अच्छा विकल्प है। दही और खीरा शरीर को ठंडक देते हैं जबकि पनीर प्रोटीन की जरूरत पूरी करता है।

2. मूंग दाल की खिचड़ी और रायता

अगर गर्मी की वजह से पेट भारी या सुस्त महसूस हो रहा है तो यह हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन अच्छा विकल्प हो सकता है।

3. राजमा-चावल, सलाद और छाछ

सिद्धार्थ सिंह का कहना है कि गर्मियों में भी राजमा-चावल खाया जा सकता है। बस इसकी मात्रा सीमित रखें और साथ में सलाद व छाछ जरूर लें। छाछ के सेवन से भारी

खाना जल्दी पचता है और पेट की जलन को भी कम करता है।

4. लौकी-चना दाल, रोटी और छाछ

लौकी में पानी की मात्रा अधिक होती है इसलिए यह गर्मियों के लिए फायदेमंद सब्जी मानी जाती है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने में भी मदद करती है।

 

यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धुलने के बाद आती है बदबू, आजमाएं ये 6 घरेलू उपाय

5. फिश करी, चावल और सलाद

नॉन-वेज खाने वालों के लिए यह बेहतरीन विकल्प है। मछली प्रोटीन से भरपूर होती है और चिकन की तुलना में हल्की भी मानी जाती है।

6. सांभर-चावल, खीरे का सलाद और ग्रीक योगर्ट

इस मील में प्रोटीन, सब्जियां और दही तीनों शामिल हैं जो इसे गर्मियों के लिए संतुलित भोजन बनाते हैं।

7. दाल-चावल, भिंडी की सब्जी और छाछ

यह एक साधारण लेकिन पौष्टिक भोजन है। दाल से प्रोटीन, भिंडी से फाइबर और छाछ से शरीर को ठंडक मिलती है।

गर्मियों में रखें इन बातों का ध्यान

गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पिएं। इसके अलावा छाछ, दही और मौसमी फलों को अपनी डाइट में शामिल करें। बहुत ज्यादा तला-भुना और भारी भोजन खाने से बचें। अगर किसी तरह की बीमारी है या आप किसी खास डाइट को फॉलो कर रहे हैं तो डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।