मानसून ठंडी हवाओं और राहत के साथ आता है, लेकिन इस मौसम में कपड़े चुनते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। गलत फैब्रिक या भारी कपड़ों के कारण वे देर तक गीले रहते हैं, जिससे शरीर से बदबू आने लगती है और असहजता महसूस होती है। ऐसे में हल्के, जल्दी सूखने वाले और सांस ले सकने वाले कपड़ों का चुनाव करना सबसे उचित रहता है।
बारिश के मौसम में लोगों को सिर्फ स्टाइलिश दिखने की चिंता नहीं, बल्कि चिपचिपाहट और नमी से बचने की भी टेंशन रहती है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे कपड़े पहनने चाहिए जो शरीर को आराम दें, तेजी से सूखें और पूरे दिन ताजगी का एहसास कराएं। सही चुनाव से मानसून का मजा लिया जा सकता है बिना किसी परेशानी के।
यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धुलने के बाद आती है बदबू, आजमाएं ये 6 घरेलू उपाय
-
हल्के और जल्दी सूखने वाले फैब्रिक चुनें
मानसून में कॉटन-ब्लेंड, रेयॉन, पॉलिएस्टर ब्लेंड या ड्राई-फिट जैसे फैब्रिक बेहतर रहते हैं। ये कपड़े जल्दी सूख जाते हैं और लंबे समय तक गीले नहीं रहते जिससे पहनने में आराम मिलता है।
-
गहरे रंग के कपड़े पहनें
बारिश के मौसम में कीचड़ और पानी के छींटे लगना आम बात है। ऐसे में नेवी ब्लू, ब्लैक, ग्रे, डार्क ग्रीन या मैरून जैसे गहरे रंग के कपड़े ज्यादा प्रैक्टिकल होते हैं क्योंकि इन पर दाग और गंदगी कम दिखाई देती है।
-
ढीले और आरामदायक कपड़े पहनें
बहुत टाइट कपड़े बारिश में भीगने के बाद शरीर से चिपक जाते हैं और असहज महसूस कराते हैं। हल्के और थोड़े ढीले कपड़े पहनने से हवा का प्रवाह बना रहता है और आराम भी मिलता है।
यह भी पढ़ें: ताबें और पीतल के बर्तन अगर काले हो जाएं तो कैसे चमकाएं? पढ़ें देसी नुस्खे
-
छोटी लंबाई वाले बॉटम्स चुनें
फुल-लेंथ जींस या लंबे पैंट की बजाय एंकल-लेंथ ट्राउजर, क्रॉप्ड पैंट, कैप्री या नी-लेंथ बॉटम्स पहनना बेहतर रहता है। इससे कपड़े जमीन पर घिसते नहीं हैं और जल्दी गंदे भी नहीं होते।
-
भारी डेनिम से बचें
जींस बारिश में भीगने के बाद काफी भारी हो जाती है और सूखने में भी ज्यादा समय लेती है। इसलिए मानसून में हल्के फैब्रिक के ट्राउजर, जॉगर या क्विक-ड्राई पैंट पहनना ज्यादा सुविधाजनक होता है।
-
सही फुटवियर का चुनाव करें
चमड़े के जूते या कपड़े वाले स्नीकर्स की बजाय रबर सैंडल, फ्लोटर्स या वॉटर-रेसिस्टेंट फुटवियर पहनें। ये जल्दी सूखते हैं और फिसलने का खतरा भी कम करते हैं।
-
हल्की जैकेट या रेनकोट साथ रखें
बारिश का मौसम कभी भी बदल सकता है। ऐसे में बैग में हल्का रेनकोट या वॉटरप्रूफ जैकेट रखना एक अच्छा विकल्प है जिससे अचानक बारिश होने पर भी आप भीगने से बच सकते हैं।
-
ट्रांसपेरेंट कपड़े पहनने से बचें
बारिश के मौसम में ऐसे कपड़े बिल्कुल भी न पहने जो आर पार दिखते हो। दरअसल पानी में भीगने के बाद ट्रांसपेरेंट कपड़े शरीर पर बहुत खराब दिखते हैं जिससे आप अनकंफर्टेबल फील कर सकते हैं।


