तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि शनिवार सुबह करीब 2 बजे दक्षिण कोलकाता में उनके घर पर BJP के गुंडों ने हमला किया। अभिषेक बनर्जी ने एक वीडियो भी शेयर किया है। उनका दावा है कि हमले से पहले दो दिन तक उनके दफ्तर और घर की रेकी की गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची।

 

पश्चिम बंगाल के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने इस आरोप को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता हाथ से निकल जाती है तो ऐसे आरोप आम होते हैं। कोलकाता पुलिस ने कहा कि दो गुटों के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस केस की पड़ताल में जुटी है।

यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी पर हमले की कोशिश, TMC बोली- 'चाकू लेकर आई थी महिला'

पुलिस और अदालतों पर भी उठाए सवाल

अभिषेक बनर्जी ने X पर लिखा कि यह पिछले 6 महीने में उनकी जान लेने की सातवीं कोशिश है। उन्होंने दावा किया कि इसके बावजूद न पुलिस ने कार्रवाई की और न अदालत ने दखल दिया। उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया। अभिषेक बनर्जी ने यह भी कहा कि हमला कोलकाता पुलिस की नजर के सामने हुआ।

क्यों बीजेपी बनाम तृणमूल कांग्रेस हो गया केस?

विवाद की शुरुआत तब हुई, जब BJP समर्थकों ने कालीघाट में बनर्जी के घर के बाहर 'चोर' के नारे लगाए। इसके जवाब में TMC समर्थकों ने भी नारेबाजी की और दोनों पक्षों में टकराव हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक स्थिति बिगड़ी और दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव के आरोप लगे।

 

यह भी पढ़ें: TMC, AAP, लेफ्ट, सब CJP के प्रोटेस्ट में दिखे, कांग्रेस को दिक्कत क्या है?

 

अभिषेक बनर्जी का आरोप है कि TMC कार्यकर्ताओं पर पत्थर और ईंटें फेंकी गईं। उन्होंने दावा किया कि उनके कुछ समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक को प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत है और दूसरे की आंख के पास हड्डी टूटी है। यह साफ नहीं है कि TMC समर्थक शनिवार को बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर रात में वहां पहुंचे थे या नहीं।

क्या कह रही है TMC?

TMC सांसद सौगत रॉय ने भी BJP कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस मौजूद थी, लेकिन कुछ नहीं कर सकी और पुलिसकर्मियों पर भी हमला हुआ। उन्होंने इसे विपक्ष को खत्म करने की सोची-समझी कोशिश बताया। 

 

सौगत रॉय ने शनिवार को कहा कि अभिषेक बनर्जी का जन्मदिन है। उनके समर्थकों को डराने के लिए यह फैसला लिया गया है। अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को भी आरोप लगाया था कि कुछ अज्ञात लोग 2 दिन से उनके घर की निगरानी कर रहे हैं और टोकने पर खुद को पुलिसकर्मी बता रहे थे।