महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और चार अन्य लोगों की एक विमान हादसे में मौत हो गई है। विमान, बुधवार सुबह बारामती में लैंड होते वक्त क्रैश हुआ है। साल 2025 में एयर इंडिया विमान हादसे में 260 लोगों की मौत के बाद, यह दूसरा सबसे बड़ा हादसा है, जिस पर देश स्तब्ध रह गया है। उस हादसे में गुजरात के मुख्यमंत्री रहे विजय रुपाणी की मौत हुई थी, अब देश के चर्चित नेता अजित पवार का निधन हुआ है।

अजित पवार का विमान तब हादसे का शिकार हुआ, जब वह लैंडिंग के करीब था। विमान पुणे के बारामती इलाके में उतरने की कोशिश कर रहा था। यह पहली बार नहीं है, जब देश ने विमान दुर्घटनाओं में किसी हस्ती को खोया हो। देश में कई विमान हादसे हुए हैं, जिनमें वैज्ञानिकों, अभिनेताओं और नेताओं ने अपनी जान गंवाई है। 


यह भी पढ़ें: प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत, PM समेत देशभर के नेताओं ने जताया दुख

 होमी जंहागीर भाभा से अजित पवार तक, विमान हादसों में हमने क्या खोया?

  • होमी जहांगीर भाभा: साल 1966 में देश के परमाणु कार्यक्रम के पितामह कहे जाने वाले होमी जहांगीर भाभा की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। विमान स्विस आल्प्स की पहाड़ियों में टकरा गया था। एयर इंडिया फ्लाइट 101 ने भारत को बड़ा सदमा दिया था। जिनेवा एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ गलत कम्युनिकेशन की वजह से विमान मोंट ब्लैंक की पहाड़ियों से टकरा गया। यह भी कहा गया कि CIA ने परमाणु कार्यक्रम के विरोध में उन्हें मरवा दिया था। हालांकि इसकी पु्ष्टि कभी नहीं हो पाई। 

  • संजय गांधी: कांग्रेस नेता और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी की 23 जून, 1980 को एक दुखद दुर्घटना में मौत हो गई थी। उन्हें प्लेन उड़ाने का शौक था। वह सफदरजंग हवाई अड्डे के पास दिल्ली फ्लाइंग क्लब में एक हवाई करतब दिखाने की कोशिश कर रहे थे, विमान ने अपना नियंत्रण खो दिया और उनकी मौत हो गई थी। 

  • माधवराव सिंधिया: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया ने भी विमान हादसे में जान गंवाई थी। साल 2001 में कानपुर में एक रैली में जाते वक्त उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। वह खुद भी पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके थे। 

यह भी पढ़ें: 'नीचे गिरा और विस्फोट हो गया', चश्मदीद ने बताई अजित पवार के प्लेन क्रैश की कहानी

  • जीएमसी बालयोगी: साल 2002 में जीएमसी बालयोगी की भी विमान हादसे में मौत हुई थी। 3 मार्च, 2002 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उन्होंने जान गंवाई थी। वह लोकसभा अध्यक्ष भी रह चुके थे। 

  • साइप्रियन संगमा: साल 2004 में मेघालय के ग्रामीण विकास मंत्री साइप्रियन संगमा की भी विमान हादसे में मौत हुई थी। वह पवन हंस हेलीकॉप्टर के जरिए गुवाहाटी से शिलांग जा रहे थे। यह हादसा 22 सितंबर 2004 को बारापनी झील के पास हुआ था।  

  • के एस सौम्या: सूर्यवंशम से स्टार बनीं दक्षिण भारतीय अभिनेत्री के एस सौम्या की भी मौत 17 अप्रैल, 2004 को एक विमान हादसे में हुई थी। वह अपने भाई के साथ बेंगलुरु से करीमनगर जा रही थीं। उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। 

  • ओ पी जिंदल और सुरेंद्र सिंह: हरियाणा उद्योगपति ओम प्रकाश जिंदल  और कृषि मंत्री सुरेंद्र सिंह की भी मौत विमान हादसे में हुई थी। उनका हेलीकॉप्टर, दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहा था। यूपी के सहारनपुर में यह हादसा हुआ था।  

  • वाई एस रेड्डी: साल 2009 में आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी की मौत हो गई थी। 2 सितंबर, 2009 को खराब मौसम की वजह से नल्लामाला जंगल में उनका हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था।  

  • दोरजी खांडू: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू की भी मौत विमान हादसे में हुई थी। 30 अप्रैल, 2011 को उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वह तवांग से ईटानगर जा रहे थे, तभी  कामेंग जिले में यह हादसा हो गया। 

  • CDS जनरल बिपिन रावत: भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल बिपिन रावत की भी मौत विमान हादसे में हुई थी। 8 दिसंबर, 2021 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में उनकी मौत हुई थी। यह हादसा, तमिलनाडु के कुन्नूर के पास हुई है। हादसे में उनकी पत्नी भी मारी गईं थीं। 

  • विजय रूपाणी: साल 2025 में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में 242 से ज्यादा यात्रियों के साथ गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की भी मौत हुई थी। हादसे में सिर्फ 1 शख्स जिंदा बच गया है।