कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग' के विरोध में एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने किताब के कुछ पन्ने फाड़े और प्रकाशक से कुछ अंश हटाने की मांग भी की। लेकिन इस प्रदर्शन के दौरान पार्टी प्रवक्ता शाइना एनसी से एक गलती हो गई। गलती ऐसी, जिसने बड़े राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया। आरोप है कि उन्होंने गलती से शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी। इसके बाद उद्धव ठाकरे गुट और कांग्रेस ने शाइना एनसी पर जमकर निशाना साधा।

 

बुधवार यानी 18 नवंबर को शिवसेना नेताओं ने मुंबई में सोनिया गांधी की किताब के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेताओं का आरोप था कि किताब में वीर सावरकर का अपमान किया गया है। वहीं इतिहास को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश भी की गई है। प्रदर्शन में शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे भी शामिल थे। अंत में नेताओं ने किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखे अंशों को हटाने की मांग की।

बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर बढ़ा विवाद

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने किताब के पन्नों के साथ कुछ तस्वीरें भी फाड़ीं। इसी बीच शाइना एनसी ने बाल ठाकरे की एक तस्वीर फाड़ दी। इस तस्वीर में बाल ठाकरे कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के पुतले को चप्पल मारते दिख रहे थे। संजय निरुपम ने उन्हें यह गलती बताई। इसके बाद शाइना ने तुरंत फटी तस्वीर को दूसरे कागजों के नीचे छिपाने की कोशिश की।

 

यह भी पढ़ें: 'भारत के मीर जाफर...' राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयानों पर भड़की बीजेपी

 

हालांकि, बाद में शिवसेना नेताओं ने दावा किया कि फाड़ी गई तस्वीर बाल ठाकरे की नहीं, बल्कि मणिशंकर अय्यर की थी। शाइना एनसी ने भी बाद में सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने अय्यर की तस्वीर फाड़ी है।

उद्धव गुट ने शाइना एनसी को घेरा

इस घटना के बाद उद्धव ठाकरे गुट ने शिंदे गुट पर हमला बोला। सांसद संजय राउत ने शिंदे गुट के नेताओं को 'फर्जी शिवसैनिक' बताया। उन्होंने कहा कि बालासाहेब का अपमान करने वालों को सार्वजनिक रूप से सजा मिलनी चाहिए।

 

इतना ही नहीं, बीएमसी (BMC) में भी इस मामले पर हंगामा हुआ। उद्धव गुट के पार्षदों ने शाइना एनसी के खिलाफ नारे लगाए और उन्हें पार्टी से निकालने की मांग की। पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब का अपमान कोई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने शिंदे गुट के बाल ठाकरे के प्रति प्रेम को दिखावा बताया। पार्षदों ने मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया।

शिंदे गुट ने दिया जवाब, शाइना को बुलाया गया

शिंदे गुट के नेता अमेय घोले ने पलटवार करते हुए कहा कि उद्धव गुट के लिए सोनिया गांधी की किताब 'भगवद्गीता' बन गई है। उन्होंने फिर दावा किया कि तस्वीर मणिशंकर अय्यर की थी और इसी बात से उद्धव गुट को परेशानी हो रही है। विवाद के बीच शाइना एनसी को शिवसेना प्रमुख और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तलब किया। इसके बाद शाइना ने विधानसभा में शिंदे से मुलाकात की।

 

कांग्रेस नेताओं ने भी इस मामले में शिंदे गुट की आलोचना की। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने मांग की कि प्रदर्शन में शामिल प्रवक्ताओं के खिलाफ पुलिस केस दर्ज किया जाए। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि यह सिर्फ एक तस्वीर का अपमान नहीं है। बल्कि महाराष्ट्र के सम्मान और बालासाहेब से प्यार करने वाले लाखों शिवसैनिकों की भावनाओं का अपमान है।

यह भी पढ़ें: शिवसेना नेता के घर ड्रग्स रखने के आरोप में एक पुलिस अफसर सस्पेंड, SIT जांच शुरू

2004 में बाल ठाकरे ने शुरू किया था 'जूते मारो' आंदोलन

बता दें कि जिस तस्वीर को लेकर विवाद हुआ, वह 27 अगस्त 2004 की है। उस दिन बाल ठाकरे मुंबई के शिवाजी पार्क में सावरकर स्मारक के पास पहुंचे थे। उन्होंने तत्कालीन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मणिशंकर अय्यर के एक बयान के विरोध में 'जूते मारो' आंदोलन शुरू किया था।

 

बाल ठाकरे अपने साथ चप्पल लेकर आए थे और उन्होंने अय्यर के पुतले को चप्पल मारी थी। इसके बाद शिवसेना के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता भी इसमें शामिल हुए। उन्होंने पुराने जूते-चप्पलों से पुतले पर हमला किया था। यह प्रदर्शन वीर सावरकर पर अय्यर की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में किया गया था।