मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हुए एक हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। एक महिला की लाश सेप्टिक टैंक में मिली थी, अब उसकी पहचान हो गई है। निशातपुरा पुलिस ने उस महिला की पहचान कर ली है। बक्से में बंद सड़ी-गली लाश, पानी की टंकी से बरामद हुई थी। यह टंकी कमल नगर के सिक्स घरा इलाके में एक खाली प्लॉट पर बनी थी। 

मुख्य आरोपी समीर को उसके मां शहनाज, भाई साहिल और बहन सैमा के साथ गिरफ्तार किया गया है। समीर उसका लिव इन पार्टनर और कथित पति भी है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या शनिवार-रविवार की दरमियानी रात में हुई। हत्यारे ने शव को एक दिन तक अपने घर में रखा, फिर उसे बक्से में पैक करके घर से करीब 200 मीटर दूर पानी की टंकी में फेंक दिया। 

लाश फेंकने के दौरान आरोपी फिसल गया था, जिसके बाद उसके परिवार वालों ने मदद की और शव को टंकी में डाल दिया। यह मामला गुरुवार दोपहर में तब सामने आया, जब एक स्थानीय शख्स को टंकी के पास से बदबू आई। उसने पुलिस को सूचना दी। 

यह भी पढ़ें: जहरीले लड्डू, शराब, कोल्ड ड्रिंक; दिल्ली के ट्रिपल मर्डर केस में तांत्रिक एंगल

हत्या क्यों हुई?

मिस्बाह और समीर एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे। अक्टूबर 2025 से दोनों भोपाल में समीर के घर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। समीर ने उसे परिवार के सामने सिर्फ दोस्त बताया था, लेकिन जब मिस्बाह घर में रहने लगी तो समीर की पत्नी ने विरोध किया। पत्नी जबलपुर स्थित अपने मायके चली गई। कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ते जा रहे थे। समीर रिश्ता तोड़ना चाहता था, जबकि मिस्बाह शादी की जिद पर अड़ी थी।

पैसे के लेन-देन और अलग होने के बदले मुआवजे की मांग को लेकर भी बार-बार झगड़े होते थे। 7-8 फरवरी की रात विवाद ज्यादा बढ़ा, जिसके बाद समीर ने गुस्से में मिस्बाह का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद समीर ने शव को 8-10 घंटे घर में रखा। फिर उसने परिवार के अन्य सदस्यों को बताया। चारों ने मिलकर शव को लोहे के संदूक में बंद किया, एक दिन तक छिपाकर रखा और रात में नजदीकी पानी की टंकी में फेंक दिया। 

 

यह भी पढ़ें: गलत आरोप में हुई थी दीपू दास की हत्या, बांग्लादेश सरकार देगी 29 लाख का मुआवजा

कैसे सुलझी मर्डर मिस्ट्री?

पुलिस ने तकनीकी सबूत, स्थानीय पूछताछ और सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। समीर ने पूछताछ में अपराध कबूल लिया। लोहे की संदूक बरामद कर ली गई है और जांच जारी है। 

पानी की टंकी में लाश मिली

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और टंकी से ट्रंक निकाला। टंकी लगभग 10 फीट गहरी थी और उसमें आंशिक रूप से पानी भरा था। शव निकालने के लिए टंकी को खाली करवाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने भी मदद की। टंकी में एक मरा हुआ जानवर भी मिला।

 

यह भी पढ़ें: ईरानी शख्स ने अमेरिका को दिया हमले का न्योता फिर कर ली आत्महत्या, वायरल वीडियो

सड़ी-गड़ी हालत में मिली लाश

स्टेशन हाउस ऑफिसर मनोज पटवा ने बताया कि बरामद शव 3-4 दिन पुराना लग रहा था और काफी सड़ चुका था। ट्रंक के अंदर पत्थर रखे होने का भी शक है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच चल रही है। फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि पूरी घटना का सिलसिला साफ हो सके।

कौन थी महिला?

महिला की पहचान मिस्बाह के तौर पर हुई है। वह गोंदिया की रहने वाली है। वह इंस्टाग्राम से समीर खान के संपर्क में आई थी। यह भी कहा जा रहा है कि महिला पहले से शादीशुदा थी। समीर ऑटो ड्राइवर है, कुछ दिन पहले ही उसे, समीर से प्यार हुआ था। समीर की दो शादियां पहले भी हो चुकी थीं। वह दो बच्चों का बाप भी है। जब मिस्बाह को खबर लगी तो उसने हंगामा किया। लिव इन पार्टनर पर आरोप हैं कि इसी वजह से उसने, उसे मार डाला।