रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के पद पर कार्यरत महिला दिल्ली के द्वारका में अपने घर में मृत पाई गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक 30 साल की महिला अधिकारी का नाम नाजिया खानम है। बताया जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या कर ली। वह द्वारका में किराए के घर में रहती थीं। नाजिया के माता-पिता ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि नाजिया खानम का शव 21 अगस्त की सुबह भरथल गांव स्थित एक फ्लैट में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने बताया कि नाजिया की शादी 11 अप्रैल को मोहम्मद आजम अली खान से हुई थी।
यह भी पढ़ें: 'किया वादा निभाओ', CJP ने लगाया विश्वासघात का आरोप, आंदोलन की दी चेतावनी
सुबह 4.21 बजे दी गई मौत की सूचना
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में 21 अगस्त को सुबह 4.21 बजे सेक्टर-23 थाने में पीसीआर कॉल मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि संबंधित एसडीएम को सूचना दी गई और शव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।
ससुराल के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए
पुलिस के मुताबिक, नाजिया खानम के परिवार के सदस्य 21 अगस्त को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए और लिखित बयान दिया, लेकिन उस समय उन्होंने अपनी बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया था। अधिकारी ने कहा, 'हालांकि, 22 अगस्त को नाजिया के माता-पिता फिर से एसडीएम के समक्ष पेश हुए और दोबारा बयान दर्ज कराया और एक शिकायत दी। इसमें उन्होंने बेटी के पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए।'
FIR दर्ज कर जांच शुरू
शिकायत के आधार पर पुलिस ने 22 अगस्त को सेक्टर-23 द्वारका थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू की। FIR के अनुसार, पिता ने आरोप लगाया कि नाजिया को उसके पति, सास समीमुन निशा और ससुर बाबर अली खान द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ससुराल वाले उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे, मारपीट करते थे और धमकाते थे।
यह भी पढ़ें: आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, खालिस्तानी अर्श डल्ला के 4 गुर्गे अरेस्ट
ससुराल पक्ष ने क्या बताया?
शिकायत में यह भी कहा गया कि नाजिया करीब तीन महीने की गर्भवती थीं और उन्होंने कथित प्रताड़ना के बारे में फोन पर अपने परिवार को बताया था। पुलिस ने बताया कि आजम ने जांचकर्ताओं को बताया कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी। FIR में दर्ज आजम के बयान के अनुसार, नाजिया ने कथित तौर पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया और फिर दूसरे कमरे में चली गईं। इसके बाद आजम ने मकान मालिक को सूचना दी, जिसने उसे कमरे से बाहर निकलने में मदद की।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद नाजिया खानम का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने कहा कि सभी जरूरी कानूनी और प्रक्रियागत कदम उठाए गए हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
