दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ छह से सात बदमाशों ने मारपीट की है। पुलिस के मुताबिक, घटना उस समय हुई जब हेड कांस्टेबल अपनी ड्यूटी से देर रात घर जा रहे थे और रास्ते में पेट्रोल पंप के पास एक दुकान पर रुककर कोल्ड ड्रिंक लेकर रवाना हुए। दुकान से कुछ दूर जाते ही बदमाशों ने हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की और आरोप है कि वह उसकी सोने की चेन भी छिनकर ले गए। हेड कांस्टेबल की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित हेड कांस्टेबल की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है। वह अमन विहार थाने में तैनात है और अपनी ड्यूटी से घर जा रहा था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, कृष्णा की आंख के पास पांच टांके आए हैं और जबड़े के पास भी चोट लगी है। शिकायत में कृ्ष्णा ने बताया कि वह अब ठीक से खाना भी नहीं खा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'उसका कोई आधार नहीं, BJP ने साजिश करके जितवाया', चंद्रशेखर पर बोलीं मायावती
क्या है पूरा मामला?
कृष्णा के मुताबिक, वह बुधवार रात करीब 12:15 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंगोलपुरी में एक पेट्रोल पंप के पास वह कोल्ड ड्रिंक खरीदने के लिए एक दुकान पर रुका। कृष्णा ने अपनी शिकायत में बताया कि दुकान पर मौजूद कुछ लड़कों ने उनके साथ बदसलूकी की। उन्होंने लड़कों को डांटकर वहां से भेज दिया लेकिन जब वह वहां से जाने लगा तो करीब आठ लड़के उनके पास आए और बेसबॉल बैट से उनकी पिटाई करने लगे।
फोन और चेन चोरी
कृ्ष्णा ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवा कई आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, 'दुकान पर कुछ लड़कों ने मेरे साथ बदसलूकी की। मैंने उन्हें डांटा और वहां से भेज दिया। लेकिन जब मैं वहां से जाने लगा तो करीब आठ लड़के आए और बेसबॉल बैट से मुझे पीटने लगे। उन्होंने मेरे मुंह पर भी मारा, जिससे जबड़े में सूजन आ गई है। मैं कुछ भी खा या चबा नहीं पा रहा हूं। मैंने शिकायत में यह भी बताया है कि वे लड़के मेरा फोन और सोने की चेन भी ले गए।'
पुलिस ने नहीं दर्ज की शिकायत
हेड कॉन्स्टेबल का कहना है कि वह किसी तरह से वहां से निकला और विजय विहार थाने पहुंचा। वहां पर एक पुलिस वाले से जब बोला कि मैं हेड कॉन्स्टेबल हूं और घर पर फोन करना है क्योंकि बदमाश फोन लूटकर भाग गए हैं। उसने फोन देने से मना कर दिया। कृ्ष्णा ने अपने बयान में बताया कि घटना के बाद वह विजय विहार थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां उनकी शिकायत नहीं ली गई। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा कि जिस इलाके में मारपीट हुई है, वह मंगोलपुरी थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है।
यह भी पढ़ें: RTI कानून में बदलाव और फिर वापसी, आखिर कहां फंस गई विजय सरकार?
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में अब मंगोलपुरी पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि वे आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मारपीट में हेड कांस्टेबल कृष्णा के चेहरे और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी आंख के पास करीब 5 टांके लगाए गए हैं, जबकि जबड़े में भी सूजन है। वही, पुलिस सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
