दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को साफ और सुरक्षित पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली मंडल ने विशेष अभियान शुरू किया है। नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन और आनंद विहार टर्मिनल पर पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। इन तीनों स्टेशनों पर रोजाना करीब 6.5 लाख यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्रियों तक सुरक्षित पानी पहुंचाना रेलवे के लिए अहम जिम्मेदारी है।
रेलवे की ओर से इन स्टेशनों पर पानी की पूरी व्यवस्था की जांच की जा रही है। इसके तहत पानी रखने वाले टैंकों और पानी साफ करने वाले टैंकों की नियमित रूप से सफाई की जा रही है। साथ ही, जहां जरूरत है, वहां पानी की व्यवस्था से जुड़े पुराने और खराब सामान को ठीक किया जा रहा है या बदला जा रहा है। रेलवे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अंतिम स्तर पर जल की गुणवत्ता की जांच तक सीमित न रहकर यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित जल यात्रियों को उपलब्ध करवाना है।
यह भी पढ़ें: NIT हमीरपुर के हॉस्टल में घुसा बाहरी युवक, चोरी के आरोप में गिरफ्तार
रेलवे चला रहा अभियान
रेलवे लगातार पानी को लेकर अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत पानी के टैंकों को बाहर से गंदगी और दूसरी चीजों से बचाने के लिए उनके ऊपर सही ढक्कन लगाने के साथ सुरक्षित वेंट की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे की टीमें पानी की पाइपों और दूसरी लाइनों की भी लगातार जांच कर रही हैं, ताकि कहीं पानी का रिसाव न हो। खराब पाइप, नल और वाल्व मिलने पर उनकी तुरंत मरम्मत की जा रही है या उन्हें बदला जा रहा है। इससे पानी की बर्बादी रोकने में भी मदद मिलेगी।
पीने के पानी के लिए अलग लाइन
रेलवे यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि पीने के पानी की लाइन और दूसरे कामों में इस्तेमाल होने वाले पानी की लाइन अलग-अलग रहें। इससे दोनों तरह के पानी के आपस में मिलने और गंदा होने का खतरा कम होगा और यात्रियों को आसानी से साफ पानी मिल सकेगा। रेलवे ने अपने एक बयान में कहा है कि हर स्तर पर क्रॉस-कंटैमिनेशन को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, अलंकार ज्वेलर्स के मालिक समेत 5 गिरफ्तार
RO की भी हो रही जांच
स्टेशनों पर लगे वाटर कूलर और वॉटर वेंडिंग मशीनों से जुड़े RO प्लांट की भी नियमित जांच की जा रही है। इनमें लगे फिल्टर की सफाई, सर्विसिंग और जरूरत पड़ने पर उन्हें बदलने का काम किया जा रहा है। यात्रियों को पानी उपलब्ध कराने वाली जगहों के आसपास भी सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है। वाटर कूलर और पानी बांटने वाले केंद्रों के आसपास नियमित सफाई और रखरखाव किया जा रहा है, ताकि वहां गंदगी न रहे और यात्री आसानी से साफ पानी पी सकें।
रेलवे के अनुसार, पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए रेलवे के डॉक्टरों और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें भी नियमित जांच कर रही हैं। पानी में क्लोरीन की मात्रा की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि यह तय किया जा सके कि पानी तय सुरक्षा मानकों के अनुसार है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों को साफ और सुरक्षित पीने का पानी उपलब्ध कराना दिल्ली मंडल की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी को ध्यान में रखते हुए तीनों प्रमुख स्टेशनों पर पानी की व्यवस्था की नियमित जांच, सफाई और जरूरी सुधार का काम लगातार जारी रहेगा।
