राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक होटल-बिल्डिंग में लगी भीषण आग ने 21 लोगों की जान ले ली। बुधवार सुबह लगी इस आग ने पूरे देश को चिंता में डाल दिया और इस हादसे में कई लोग घायल भी हो गई। अब इस मामले में पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभी तक आग लगने के कारण की जानकारी सामने नहीं आई है लेकिन आशंका जताई जा रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और देखते ही देखते पूरे रेस्तरां में फैल गई। 

 

जानकारी के मुताबिक,  आग दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में स्थित एक गेस्ट हाउस में लगी और इसमें ग्राउंड फ्लोर पर कमर्शियल एक्टिविटि हो रही थी और ऊपर होटल चलाया जा रहा था। घटना के समय इस बिल्डिंग में कई लोग मौजूद थे जिनमें ज्यादातर विदेशी नागरिक थे। इस हादसे में मारे गए 21 लोगों में से 18 लोग विदेशी थे। इनमें अफ्रीकी देशों, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और अन्य देशों के नागरिक शामिल थे। 

 

यह भी पढ़ें: क्या कॉकरोच जनता पार्टी अन्ना हजारे जैसा आंदोलन खड़ा कर पाएगी? मुश्किलें समझिए

 

सुरक्षा मानकों को लेकर उठे सवाल

जांच के दौरान सामने आया कि होटल संचालन और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज किया है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार होटल संचालन से जुड़ी अनुमति और सुरक्षा मंजूरी की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बजाज के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया था और उनकी पत्नी के खिलाफ भी सर्कुलर जारी किया गया। पीटीआई के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गैर इरादतन हत्या  और अन्य संबंधित आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है।

 

विदेशी दूतावास से संपर्क

इस हादसे में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों के भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। मारे गए लोगों में ज्यादातर विदेशी नागरिक ही हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है और घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन ने संबंधित दूतावासों से भी संपर्क किया गया है। इस घटना के बाद एक बार फिर से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: गाय को 'राष्ट्रीय पशु' बनाने की मांग, 'राष्ट्रीय प्रतीक' जैसा कुछ होता है क्या?

जांच के आदेश

दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने होटल, नर्सिंग होम, कोचिंग सेंटर, रेस्टोरेंट और अन्य संवेदनशील व्यावसायिक जगहों पर एक महीने तक विशेष जांच अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली फायर सर्विस और बिजली विभाग को पूरे शहर में बेड एंड ब्रेकफास्ट (B&B) के तहत रजिस्टर्ड संपत्तियों की जांच करने के लिए कहा है। 

 

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। दूसरी ओर, विपक्षी नेताओं ने राजधानी में बार-बार हो रही आग से जुड़ी घटनाओं को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।