देश का जीएसटी कलेक्शन 13.9% बढ़कर जून में 1.95 लाख करोड़ हो गया है। आयात से होने वाली कमाई में 34.6% का इजाफा हुआ है, कुल कमाई 60,038 करोड़ रुपये हो गई है। घरेलू लेन-देन से होने वाला जीएसटी कलेक्शन 6.5% बढ़कर करीब 1.35 लाख करोड़ हो गया है। 

 

अगर जून में रिफंड की बात करें तो यह 29.1 फीसद से बढ़कर 32,436 करोड़ हो गया। रिफंड को एडजस्ट करने के बाद जून में शुद्ध कलेक्शन 11.2% से बढ़कर 1.62 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया।   

 

यह भी पढ़ें: यूजरनेम से एंटी फ्रॉड सेटिंग तक, WhatsApp के नए बदलाव कैसे साइबर ठगी से बचाएंगे?

 

पिछले साल जून महीने में कुल 1.71 लाख करोड़ रुपये का जीएसटी कलेक्शन हुआ था। वहीं घरेलू लेनदेन से 1,26,506 रुपये की कमाई हुई थी। अबकी इसमें 6.5 फीसद का इजाफा हुआ है। 

 

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक रिफंड के बाद जून 2026 में शुद्ध जीएसटी कलेक्शन 1,62,377 लाख करोड़ रुपये है। यह पिछले साल के 1,45,984 लाख करोड़ रुपये से 11.2% ज्यादा है। केंद्र सरकार ने जीएसटी से जुड़े आंकड़े बुधवार को सार्वजनिक किए।

स्थिर होने लगा जीएसटी कलेक्शन

न्यूज एजेंसी पीटीआई से एकेएम ग्लोबल में अप्रत्यक्ष कर विभाग के प्रमुख इकेश नागपाल ने बताया कि मई की तुलना में संग्रह लगभग स्थिर रहा है। इससे संकेत मिलता है कि जीएसटी राजस्व अब एक बार के उछाल के बजाय लगातार उच्च स्तर पर स्थिर हो रहा है। सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि आयात से राजस्व में 34.6 फीसद का इजाफा हुआ है। यह घरेलू कलेक्शन में 6.5 प्रतिशत की वृद्धि से भी काफी अधिक है। 

 

यह भी पढ़ें: बदला या जंग का एलान? ISIS और पाकिस्तान के ठिकानों पर अफगानिस्तान का हवाई हमला

जीएसटी लागू हुए नौ वर्ष पूरे

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में सकल जीएसटी संग्रह 8.4 प्रतिशत से बढ़कर करीब 6.32 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। आयात से होने वाले संग्रह में 26.2 फीसद और घरेलू लेनदेन में 2.8 फीसद की वृद्धि हुई। बता दें कि 17 केंद्रीय और 13 उपकरों को खत्म करके केंद्र सरकार ने 2017 में जीएसटी लागू किया था। देश में जीएसटी व्यवस्था को लागू हुए 9 वर्ष पूरे हो चुके हैं।