केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ INDIA ब्लॉक के सांसदों ने आज विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुनाव आयोग के ऑफिस से कुछ मीटर दूर स्थित आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठ गए हैं। इस विरोध मार्च पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया आ गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को किसी ज्ञानेश जी की नहीं, बल्कि गणेश जी की मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता में इतनी समझ, ज्ञान और विवेक है कि वह तय कर सकती है कि किसे वोट देना है।
संबित पात्रा ने कहा, 'हमरी मदद ज्ञानेश जी नहीं, गणेश जी कर रहे हैं। बीजेपी की मदद ज्ञानेश जी नहीं गणेश जी कर रहे हैं। बुद्धि, ज्ञान, समझ और विवेक के देवता गणेश। देश के लोगों में ज्ञान, समझ और विवेक है और वह जानते हैं परिवारवाद, भ्रष्टाचार करने वाले लोगों को वोट नहीं देना है। वोट देना है तो उसको देना है जिसने कहा है कि मैं देश नहीं झुकने दूंगा।'
यह भी पढ़ें: अर्बन अड्डा 2026 में डॉ. सतबीर कादियान ने बताया पानी के बेहतर इस्तेमाल का तरीका
कांग्रेस पर बोला हमला
संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी और विपक्ष के मार्च को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से एक प्रायोजित कोशिश की जा रही है, ताकि देश में सत्ता परिवर्तन कराया जा सके और राहुल गांधी को किसी तरह सत्ता में बैठाया जा सके। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी कई बार लॉन्च कर चुकी है लेकिन सफल नहीं हुई। इसलिए अब पार्टी उन्हें सीधा प्रधानमंत्री बनना चाहती है।
राहुल पर कसा तंज
संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही राहुल गांधी को राजनीति में स्थापित करने और बार-बार लॉन्च करने की कोशिश करती रही है। उन्होंने कहा कि कई प्रयासों के बावजूद राहुल गांधी को लॉन्च नहीं किया जा सका। इसके बाद कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी दलों ने यह रास्ता अपनाया कि चाहे देश के लोकतंत्र पर हमला करना पड़े या देश में अराजकता का माहौल बनाना पड़े, लेकिन किसी भी तरह राहुल गांधी को सत्ता में लाने की कोशिश जारी रखी जाएगी।
अराजकता फैलाने का आरोप
बीजेपी सांसद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्ष की ओर से अलग-अलग समय पर भारतीय सेना, सुप्रीम कोर्ट, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), भारतीय हिंदुओं और EVM को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि पिछले कई हफ्तों और महीनों से चुनाव आयोग पर भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। संबित पात्रा ने आशंका जताई कि कांग्रेस आज भी चुनाव आयोग के मुद्दे का इस्तेमाल करके देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर सकती है।
यह भी पढ़ें: 16 वोट से हारी थी कांग्रेस, 5698 वोट कटवाने का आरोप; 2 BLA के खिलाफ केस दर्ज
इस्तीफे की मांग पर अड़ा विपक्ष
चुनाव आयोग पर विपक्ष लगातार हमलावर है। इस बीच मुख्य चुनाव आयु्क्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसद चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध मार्च में शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन में घुस गए और वहीं धरने पर बैठ गए हैं।
