मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स देरी और रद्द होने से सैकड़ों यात्री फंस गए और गुस्से में नारेबाजी करने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट हाय-हाय के नारे गूंजने लगे और यात्री एयरलाइन के स्टाफ से जवाब मांगने लगे। एयरलाइन पर आरोप है कि उन्होंने फ्लाइट तो रद्द की ही लेकिन इसके साथ ही यात्रियों को घंटों तक इंतजार भी करवाया। बीते कुछ दिनों से स्पाइसजेट पर फ्लाइट्स रद्द होने के कारण लगातार सवाल उठ रहे हैं।
आज यानी 30 अप्रैल को मुंबई से दिल्ली के लिए स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 631 करीब चार घंटे लेट हो गई। लंबा इंतजार कराने के बाद यात्रियों को फ्लाइट में बोर्ड कराया गया लेकिन बाद में अचानक उन्हें बताया गया कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। इस फैसले से यात्री भड़क गए, क्योंकि वे पहले ही घंटों इंतजार कर चुके थे। एयरलाइन की इस लापरवाही पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।
यह भी पढ़ें: कुत्ते के काटने से हुई थी लड़की की मौत, 4 डॉक्टरों के खिलाफ केस क्यों हो गया?
नारेबाजी करने लगे लोग
एयरपोर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यात्री स्पाइसजेट हाय-हाय के नारे लगाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि यात्री एयरलाइन स्टाफ को घेरकर जवाब मांग रहे हैं और खराब मैनेजमेंट को लेकर नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं। वायरल वीडियो में एक कर्मचारी यात्रियों को शांत करवाने की कोशिश करते हुए नजर आता है।
एक नहीं कई फ्लाइट्स रद्द
मुंबई–दिल्ली के लिए चलने वाली फ्लाइट SG 631 के अलावा दो और फ्लाइट्स भी रद्द हुई हैं। इनमें मुंबई–गोरखपुर के लिए चलने वाली SG 553 और मुंबई–बेंगलुरु SG 669 को भी रद्द कर दिया। इस बारे में मैनेजमेंट ने 29 अप्रैल को ही जानकारी दे दी थी। इसके अलावा मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट्स भी देरी से चलीं, जिससे कई घरेलू रूट प्रभावित हुए।
यह भी पढ़ें: 'स्कूल तोड़ दूंगा..', बच्चे ने दी टीचर को धमकी, वीडियो हुआ वायरल
एयरलाइन ने क्या बताया?
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फ्लाइट्स में देरी और रद्द होने की वजह ऑपरेशनल है। उनके अनुसार, मुंबई की 3 फ्लाइट्स 29 अप्रैल को रद्द की गईं। इसकी वजह फ्लाइट का ना लैंड होना और पिछले स्टेशन में मौसम खराब रहना है। इससे क्रू के लिए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) लागू हो गया। उन्होंने बताया कि प्रभावित यात्रियों के लिे एक्स्ट्रा फ्लाइट्स चलाई जा रही हैं।
