NEET UG की दोबारा परीक्षा, कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच रविवार को पूरी हो गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) तमाम सवालों के बाद भी परीक्षा कराने में सफल रही है। परीक्षा में 20 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने देश के 5440 केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर हिस्सा लिया। परीक्षा के बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि नीट की दूसरी परीक्षा का भी पेपर लीक हो गया है।

NTA और PIB फैक्ट चेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर साफ कहा कि NEET पेपर लीक होने का दावा पूरी तरह झूठा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पेपर टेलीग्राम पर लीक हो गया, लेकिन NTA ने इसे फर्जी बताया है।

यह भी पढ़ें: हरियाणा: NEET री-एग्जाम से कुछ घंटे पहले 19 वर्षीय छात्रा ने दी जान, घर में मातम

NTA ने दूसरी बार पेपर लीक पर क्या कहा?

 NTA ने एक बयान जारी कर कहा, 'परीक्षा पूरे सुरक्षा इंतजामों के साथ हुई। यह वीडियो फर्जी है, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। ऐसे फर्जी वीडियो बनाकर छात्रों को गुमराह करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'

 

 

NTA की अपील क्या है?

NTA ने छात्रों, अभिभावकों और लोगों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in और NTA के आधिकारिक हैंडल से ही जानकारी लें। NTA के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह ने बताया कि अब तक पेपर लीक की कोई शिकायत नहीं आई है। 

कब नतीजे आएंगे?

मूल्यांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और रिजल्ट सामान्य से पहले घोषित कर दिया जाएगा। इस बार पूरा एग्जाम साइकल सिर्फ 37 दिनों में पूरा किया गया। नतीजे कुछ सप्ताह में आ सकते है।

यह भी पढ़ें: NEET पेपर देकर निकले छात्रों का पहला रिएक्शन, कैसा गया एग्जाम?

क्यों विवादों में रही परीक्षा?

पिछले महीने पेपर लीक विवाद के बाद NTA को री-एग्जाम कराना पड़ा। इस मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। री-एग्जाम की घोषणा के बाद कई छात्रों ने आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह हरियाणा के हिसार में भी एक 19 वर्षीय NEET छात्रा ने आत्महत्या कर ली। अब तक कुल 12 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं।

पेपर लीक केस है क्या?

3 जून को नीट परीक्षा हुई थी। परीक्षा का पेपर टेलीग्राम पर लीक हो गया था। पेपर लीक के तार राजस्थान से लेकर महाराष्ट्र तक जुड़े थे। जो अधिकारी और शिक्षक पेपर बनाने वाली टीम का हि्ससा थे, उनकी भी भ्रष्टाचार में संलिप्तता सामने आई है। कई लोगों की गिरफ्तारी अब तक हो चुकी है।