प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुजरात में दो नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन सेवा शामिल हैं। इस मौके पर साबरमती स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में गुजरात की मंभी दर्शनाबेन वाघेला और सांसद हसमुखभाई पटेल शामिल होंगे।
कार्यक्रम बेचराजी स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा। अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इन नई रेल सेवाओं के शुभारंभ को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, सुलभ और यात्री-केंद्रित परिवहन व्यवस्था की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'सार्वजनिक महाभियोग', इंडिया गठबंधन की तैयारी क्या?
इन राज्यों को होगा फायदा
गुजरात को साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू के रूप में दो नई रेल सेवाओं की सौगात मिलने से क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प देगी। वहीं, मेहसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा से उत्तर गुजरात के दैनिक यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को फायदा मिलेगा।
धार्मिक यात्रा होगी आसान
नई ट्रेन संख्या 12205/12206 साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी और यात्रियों को अहमदाबाद और वाराणसी के बीच सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से श्रद्धालुओं, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को फायदा मिलेगा। विशेष रूप से वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा सुविधाजनक साबित होगी। इसके अलावा, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच व्यापारिक, पर्यटनको भी बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में दूध के खरीद मूल्य में 8 रुपये का इजाफा, सात रुपये किसानों को मिलेंगे
किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
ट्रेन संख्या 12205 साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस साबरमती से सुबह 05:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 06:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 12206 वाराणसी–साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 17:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 20:15 बजे साबरमती पहुंचेगी।
रास्ते में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में मेहसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, इदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
मेहसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन
मेहसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से मेहसाणा, पाटण और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इस सेवा के जरिए साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा, रणुज और महेसाणा सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशन आपस में जुड़ेंगे।
यह सेवा विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, औद्योगिक कर्मचारियों और बेचराजी स्थित बहुचर माता मंदिर में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए फायदेमंद साबित होगी। इस रेल सेवा के अंतर्गत यात्रियों को सुबह और शाम दोनों समय यात्रा के विकल्प उपलब्ध होंगे।
यह भी पढ़ें: कौन हैं आशुतोष सिन्हा, जिन्होंने वाराणसी में बीजेपी के उम्मीदवार को दी मात?
मेमू ट्रेन की समय-सारणी
सुबह की ट्रेन सेवा: साबरमती से सुबह 06:40 बजे प्रस्थान कर ट्रेन 08:05 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 08:07 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 09:45 बजे मेहसाणा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन मेहसाणा से शाम 16:40 बजे प्रस्थान कर 17:49 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 17:51 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 20:30 बजे साबरमती पहुंचेगी।
शाम की ट्रेन सेवा: साबरमती से शाम 17:05 बजे प्रस्थान कर ट्रेन 18:48 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 18:50 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 20:25 बजे मेहसाणा पहुंचेगी। इसी तरह यह ट्रेन मेहसाणा से सुबह 07:05 बजे प्रस्थान कर 07:50 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 07:52 बजे प्रस्थान कर यह ट्रेन 10:20 बजे साबरमती पहुंचेगी। रास्ते में दोनों ट्रेनें चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा और रणुज स्टेशनों पर ठहरेंगी।
