दिल्ली के नरेला में बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया जब प्रॉपर्टी डीलर अपने एक पड़ोसी के साथ जिम के बाहर टहल रहा था। मृतक की पहचान 42 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। वह गांव नहरी का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक गुरुवार की सुबह करीब सवा सात बजे हत्याकांड को बाइक सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया गया।
दिल्ली पुलिस रंगदारी और पुरानी दुश्मनी के एंगल से मामले की जांच में जुटी है। बदमाशों ने कुल 16 राउंड फायरिंग की। कई गोलियां प्रमोद को लगी हैं। दिल्ली पुलिस ने बतयाा कि गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे नरेला थाने को फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर 'द जिम' के पास प्रमोद कुमार मृत मिले। उनके शरीर पर गोलियों के कई निशान थे और कारतूस के 15 खोखे भी मिले।
यह भी पढ़ें: भगोड़े कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत कब लाएगी सरकार? विदेश मंत्रालय ने बताया
नरेला पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/27 के तहत मामला दर्ज किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया।
आउटर नॉर्थ के एडिशनल डीसीपी लोकेश्वरन आर ने कहा, 'आज सुबह नरेला थाने में एक घटना की सूचना मिली। प्रमोद नाम के 42 वर्षीय बिल्डर पर फायरिंग की गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हमें वहां कई खाली कारतूस और शव मिला। हमने तुरंत शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने का इंतजाम किया। अभी हम इस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटे हैं।'
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 11 सितंबर को रहेगी छुट्टी, BRICS समिट के चलते बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर
प्रमोद हत्याकांड के चश्मदीद गवाह नहरी गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब 6:50 बजे वे प्रमोद के साथ 'द जिम' के पास आए थे। तभी दो अज्ञात लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। प्रमोद को कई गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर एक अन्य सह-आरोपी के साथ बाइक पर बैठकर भाग निकले।
