दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की बड़ी रैली हुई। देश के अलग-अलग हिस्सों और राजनीतिक दलों के लोग इस रैली में शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी करीब 4 बजे लोगों को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने सबसे बड़ा अपराध किया है और इसके लिए उन्हें जेल जाना होगा।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कही। राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कहीं नहीं जाने देंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार से नफरत नहीं करते।

 

राहुल गांधी ने कहा कि वह देश में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे। लोकतंत्र को कभी खत्म नहीं होने देंगे और संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में वर्षों से वोट चोरी हो रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भी वोट चोरी हुई। राहुल गांधी ने कहा कि वह जो बोलते हैं, वह सच होता है। उन्होंने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटना पड़ेगा और उन्हें जेल जाना होगा।

'2024 का चुनाव था अवैध'

विपक्ष की रैली में राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध करार दिया। उन्होंने कहा, '2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर्स को वोटर लिस्ट से हटा दिया गया। सात में से एक वोटर को निकाला गया, यानी 15 फीसदी वोटर्स को लिस्ट से बाहर किया गया। 2024 में वोट प्रतिशत सिर्फ 3 फीसदी था। इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव अवैध था। यह बात मैं नहीं कह रहा हूं, चुनाव आयोग का डेटा कह रहा है, मैं जो कहता हूं, वह सच होता है। मैंने कोविड के बारे में जो कहा था, वह भी सच साबित हुआ।'

 

यह भी पढ़ें: 'कुछ लोग भारत की तुलना बांग्लादेश से कर रहे', विपक्ष पर भड़के चिराग पासवान

'नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है'

राहुल गांधी ने कहा कि वह किसी से नफरत नहीं करते। उन्होंने कहा, 'मोदी और शाह को नींद नहीं आती है। हम दुश्मनी वाले लोग नहीं हैं। हमें नफरत नहीं, मोहब्बत फैलानी है। यह विरोध प्रदर्शन किसी एक पार्टी या एक नेता का नहीं है। यह देश का विरोध प्रदर्शन है। यह देश की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।'

 

यह भी पढ़ें: 1 नवंबर को ही क्यों 8 राज्यों का स्थापना दिवस? जानिए गठन की कहानी

'मोदी कहीं नहीं जाएंगे'

राहुल गांधी ने कहा, 'मैं आपको बताता हूं कि मोदी कहीं नहीं जा सकते, अगर वह जाना भी चाहें तो हम उन्हें कहीं नहीं जाने देंगे। ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। आपने जो वोट चोरी की है, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। देश को न्याय मिलेगा।'