यात्रियों से सामान ढोने के लिए तय किराए से ज्यादा पैसे लेने वाले कुलियों पर रेलवे ने सख्ती शुरू कर दी है। उत्तर रेलवे ने लाइसेंस वाले कुलियों की अचानक जांच तेज कर दी है। रेलवे का कहना है कि अगर किसी यात्री से तय किराए से ज्यादा पैसे लेने की शिकायत मिलती है तो कुली के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 20 किलो सामान ले जाने के लिए कुली का तय किराया 140 रुपये है।

 

हाल ही में नई दिल्ली, दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आनंद विहार टर्मिनल पर हुई विशेष जांच में कई कुली तय किराए से ज्यादा पैसे मांगते और लेते पकड़े गए। जांच में ऐसे कुल 13 मामले सामने आए। रेलवे ने साफ कहा है कि यात्रियों से मनमाने तरीके से ज्यादा पैसे वसूलने की किसी भी तरह की शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: एयरपोर्ट पर सामान खो जाए तो कैसे मिलेगा मुआवजा? जानें क्लेम करने का तरीका

ज्यादा रुपये मांगने के मामले सामने आए

आनंद विहार टर्मिनल पर एक लाइसेंसधारी कुली यात्री से ज्यादा पैसे लेते हुए पकड़ा गया। उसने पहले 800 रुपये मांगे और बाद में 500 रुपये में सौदा तय किया। कुली ने 500 रुपये ले भी लिए, जबकि तय शुल्क सिर्फ 230 रुपये था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 20 किलो सामान के लिए यात्रियों से 300 रुपये और 250 रुपये लिए जाने के मामले सामने आए, जबकि तय शुल्क 140 रुपये था। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी पांच कुली दो सामान के लिए तय 280 रुपये से ज्यादा पैसे लेते पाए गए। इन मामलों में यात्रियों से 300 रुपये से 500 रुपये तक वसूले गए।

 

हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर भी कई कुलियों के ज्यादा पैसे लेने के मामले सामने आए। कुछ मामलों में कुली यात्रियों से मनमाने पैसे के लिए सौदेबाजी करते और UPI या QR कोड के जरिए भुगतान लेते मिले। एक कुली के पास पहचान-पत्र नहीं था, जबकि एक अन्य ने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया।

 

यह भी पढ़ें: भारत को मिली पहली कमर्शियल ब्रांडेड ट्रेन, लखनऊ-दिल्ली के बीच चलेगी

बैज जब्त होगा, ड्यूटी से भी हटाया जा सकता है

रेलवे ने इन मामलों को गंभीरता से लिया है। संबंधित कुलियों के बैज जब्त करने और उन्हें ड्यूटी से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। नियमों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। रेलवे का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ कुलियों को सजा देना नहीं, बल्कि यात्रियों से ज्यादा पैसे वसूलने की प्रवृत्ति पर रोक लगाना है। औचक जांच से यात्रियों में भी भरोसा बढ़ा है कि उनकी शिकायतों पर रेलवे कार्रवाई कर रहा है।

पूरे उत्तर रेलवे में जारी रहेगी जांच

उत्तर रेलवे के सभी मंडलों और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। रेलवे की टीमें अचानक निरीक्षण करेंगी और यात्रियों की शिकायतों की भी जांच करेंगी। तय किराए या लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वाले कुलियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: E-Challan गलत कट गया? ऑनलाइन शिकायत कर ऐसे कराएं रद्द

 

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सामान ढुलवाने के लिए सिर्फ तय किराया ही दें। अगर कोई कुली ज्यादा पैसे मांगता है या दुर्व्यवहार करता है तो उसकी शिकायत रेल मदद के जरिए की जा सकती है। शिकायत में स्टेशन का नाम, कुली का बैज नंबर और घटना से जुड़ी जानकारी देना मददगार होगा।